विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मॉडर्न दौर में भी जिंदा है पुरानी संस्कृति! बैलों के घुंघरुओं की छन-छन के साथ तिगरी मेला पहुँच रहा यह परिवार

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:10 PM (IST)

सैदपुर पिपली निवासी मुनेश पिछले 30 वर्षों से अपने परिवार के साथ बैलगाड़ी से तिगरी गंगा मेले में पहुंचते हैं। ...और पढ़ें

तिगरी मेले के लिए बैलगाड़ी से जाते श्रद्धालु। जागरण

तिगरी मेले के लिए बैलगाड़ी से जाते श्रद्धालु। जागरण

HighLights

  1. घुंघरुओं की छम-छम में महसूस करते हैं पुरानी संस्कृति की मिठास

संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। आधुनिकता के दौर में जहां यातायात के साधनों में ट्रैक्टर और अन्य वाहनों का चलन तेजी से बढ़ा है, वहीं आज भी कुछ श्रद्धालु अपनी पुरानी परंपराओं को सहेजे हुए हैं। तिगरी गंगा मेले की ओर जाती बैलगाड़ी की छम-छम करती घंटियों की आवाज आज भी ग्रामीण संस्कृति और आस्था की अनूठी तस्वीर पेश कर रही है।

कभी तिगरी गंगा मेले में जाने के लिए बैलगाड़ी ही ग्रामीणों का प्रमुख साधन हुआ करती थी। बैलों के गले में बंधे घुंघरुओं की छन-छन और बैलगाड़ी के पहियों की धीमी रफ्तार से निकलती आवाज रास्ते को एक अलग ही आनंद से भर देती थी।

ऐसा प्रतीत होता था, मानो घुंघरुओं की मधुर धुन में कोई बांसुरी बज रही हो। समय बदला और बैलगाड़ियों की जगह ट्रैक्टरों व अन्य वाहनों ने ले ली, लेकिन कुछ लोगों के दिलों में आज भी वही पुराना अंदाज जिंदा है।

ऐसे ही सैदपुर पिपली निवासी मुनेश हर वर्ष अपने परिवार के साथ बैलगाड़ी से तिगरी गंगा मेले में पहुंचते हैं। उनके गांव से तिगरी मेले की दूरी करीब 35 किलोमीटर है।

इसके बावजूद वह पिछले 30 वर्षों से बैलगाड़ी के जरिए ही मेले में पहुंचकर गंगा मैया के दर्शन और मेले का आनंद लेते आ रहे हैं। मुनेश के लिए यह सफर केवल मेले तक पहुंचने का जरिया नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और पुरानी यादों से जुड़ा एक खास अनुभव है।

उनकी बैलगाड़ी की छम-छम करती आवाज राहगीरों का ध्यान अपनी ओर खींचती है। आधुनिकता के बीच मुनेश की यह अनूठी पहल संदेश दे रही है कि बदलते समय के साथ साधन भले बदल जाएं, लेकिन अपनी संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ाव कभी कम नहीं होना चाहिए।

यह भी पढ़ें- तिगरी मेले में व्यस्त रहे आला अफसर, उधर रात भर जाम से कराहता रहा अमरोहा; नो-एंट्री खुलते ही थम गए वाहनों के पहिये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।