तिगरी मेले में व्यस्त रहे आला अफसर, उधर रात भर जाम से कराहता रहा अमरोहा; नो-एंट्री खुलते ही थम गए वाहनों के पहिये
तिगरी मेले में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की व्यस्तता के कारण अमरोहा शहर में भीषण जाम लग गया। रात 8 बजे नो-एंट्री ...और पढ़ें

गजरौला चौपला में जाम में फंसे वाहन । जागरण
HighLights
आधी रात के बाद सड़कों से दबाव कम होने से यातायात हो सका सामान्य
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तिगरी गंगा मेले में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बीच अमरोहा शहर की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे रही। शुक्रवार रात एडीजी, डीआइजी और एसपी समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकांश अधिकारी तिगरी मेले में व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहे। वहीं, अधिकांश पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी मेले में लगा दी गई।
इसका असर शहर की यातायात व्यवस्था पर साफ दिखाई दिया। शाम ढलते ही बिजनौर रोड पर जाम लगना शुरू हो गया। रात आठ बजे नो एंट्री समाप्त होते ही भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ी तो हालात बेकाबू हो गए।
टीपीनगर से लेकर शाहविलायत चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। आधी रात के बाद ही शहर की सड़कों से वाहनों का दबाव कम हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
दरअसल, शुक्रवार शाम से ही बिजनौर रोड पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ने लगी थी। शुरुआत में वाहन रेंगते हुए निकल रहे थे, लेकिन रात आठ बजे नो एंट्री खत्म होते ही भारी वाहन भी शहर में दाखिल हो गए।
इसके बाद जाम ने विकराल रूप ले लिया। टीपीनगर, सन प्लाजा, नल चौराहा और अतरासी तिराहे से होता हुआ जाम बिजनौर रोड पर शाहविलायत चौक तक पहुंच गया।
इतना ही नहीं, टीपीनगर से जोया रोड, गांधी मूर्ति तिराहा और अतरासी तिराहे से अतरासी फ्लाईओवर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शहर के संपर्क मार्गों पर भी ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की अधिकता के चलते जाम की स्थिति बनी रही।
हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस का कोई कर्मचारी व्यवस्था संभालता नजर नहीं आया। जाम में फंसे लोग देर रात तक परेशान होते रहे। किसी को जरूरी काम से पहुंचना था तो कोई परिवार के साथ घंटों सड़क पर फंसा रहा।
चौपला पर तीन घंटे तक रेंगते रहे वाहन
गजरौला। शहर के चौपला पर जाम की समस्या रोजाना लोगों के लिए मुसीबत बन रही है। शनिवार को भी चौपला पर करीब तीन घंटे तक वाहन रेंगते रहे। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की समस्या को लेकर शनिवार को व्यापारियों ने बैठक की।
इसमें चौधरी महावीर सिंह ने कहा कि चौपला पर रोजाना जाम लगने से आमजन परेशान हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे समय पर नहीं पहुंच पाते और छुट्टी के समय भी जाम में फंस जाते हैं। फैक्ट्री कर्मचारियों को भी काम पर पहुंचने में देरी होती है।
वहीं, जाम के कारण चौपला के व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चौपला को जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की जाएगी।
संभल चौराहे पर एक घंटे तक जाम में जूझे राहगीर
डिडौली। जोया के संभल चौराहे पर शनिवार को भीषण जाम लग गया। चौराहे के चारों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने से करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जाम में फंसे राहगीरों ने खुद ही वाहनों को निकलवाकर यातायात सुचारू कराने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर जोया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर के नीचे ठेले लगने और गन्ना लदे वाहनों की आवाजाही के कारण यहां अक्सर जाम लगता है। उन्होंने चौराहे पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती और यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।