Tigri Ganga Mela: श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात, 200 मीटर लंबे पांटून पुल से जुड़ेंगे तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर मेले
तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेलों को जोड़ने के लिए 200 मीटर लंबा पांटून पुल बनाया जा रहा है। यह पुल ...और पढ़ें

तिगरी में पांटून पुल के निर्माण के लिए जमीन समतल करता ट्रैक्टर। जागरण
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। मां गंगा के पावन तट पर लगने वाले उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले को आपस में जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को गंगा नदी पर करीब 200 मीटर लंबा पांटून पुल बनाया जा रहा है।
पुल निर्माण से पहले जमीन को समतल करने का काम शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू हुई इस पहल को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पांटून पुल का निर्माण 40 पीपों की मदद से किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों की देखरेख में काम कराया जा रहा है। पुल निर्माण के लिए ट्रकों के माध्यम से पीपे मौके पर पहुंचाए जा रहे हैं।
वहीं, पुल तक पहुंचने वाले रास्ते को ट्रैक्टरों की मदद से समतल किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए विभागीय अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पुल को 20 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों का पूरा जोर है कि श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू होने से पहले पुल का निर्माण पूरा हो जाए।
बताया जाता है कि पांटून पुल निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा ने प्रयास किए थे। अब इस पहल के धरातल पर उतरने से दोनों ओर लगने वाले गंगा मेलों के श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पुल बनने के बाद तिगरी और गढ़मुक्तेश्वर मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालु गंगा के दोनों तटों पर आसानी से आ-जा सकेंगे। इससे उन्हें अलग-अलग मेलों में पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा और एक साथ दोनों मेलों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।