तिगरी गंगा मेला 2026: 40 साल पुरानी परंपरा निभाने परिवार संग पहुंचे श्रद्धालु, गंगा किनारे बसने लगा 'तंबुओं का शहर'
उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है, जहां परिवार और बच्चों संग ...और पढ़ें

तिगरी में खाना बनाने की तैयारी करते श्रद्धालु और मेले के लिए ट्रैक्टर से पहुंचा परिवार। जागरण
HighLights
दशकों पुरानी परंपरा निभाने के लिए हर साल कई दिन पहले पहुंचते हैं श्रद्धालु
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मेले की तिथियां नजदीक आते ही गंगा किनारे रौनक बढ़ने लगी है। अमरोहा के अलावा संभल और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर मेला स्थल पहुंच रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे अपने लिए जगह चिह्नित कर तंबू लगाने शुरू कर दिए हैं। परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे लोग कई दिनों तक मेले में प्रवास करने की तैयारी में जुटे हैं।
शुक्रवार सुबह से ही मेला स्थल पर श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रालियों से पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। गंगा किनारे पहुंचकर लोग सबसे पहले अपने रहने के लिए जगह तलाशते नजर आए।
इसके बाद तंबू लगाकर गृहस्थी का सामान व्यवस्थित करने में जुट गए। कई श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पूजा-अर्चना भी की। अभी मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने की उम्मीद है।
हर साल लाखों श्रद्धालु तिगरी गंगा मेले में पहुंचकर गंगा किनारे तंबू लगाते हैं और कई दिनों तक परिवार के साथ प्रवास करते हैं। संभल जिले के सलारपुर खुर्द से भी बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे हैं।
वहीं, अमरोहा जिले के सलारपुर गांव से भी श्रद्धालु परिवार के साथ डेरा जमाने आए हैं। श्रद्धालु जितेंद्र सिंह ने बताया कि वह करीब 40 वर्षों से लगातार तिगरी गंगा मेले में आ रहे हैं। हर बार परिवार के साथ यहां पहुंचकर मेले का आनंद लेते हैं।
वहीं, मेले में पहुंचीं महिलाओं ने बताया कि वह पिछले 25 से 30 वर्षों से लगातार यहां आ रही हैं। उनके लिए यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि परिवार के साथ समय बिताने और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा को निभाने का भी अवसर है।