मिनी कुंभ जैसा नजारा! 600 हेक्टेयर में बसेगा तंबुओं का शहर, 40 लाख श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार तिगरी गंगा मेला
अमरोहा में 15 नवंबर से ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले का शुभारंभ होगा, जिसमें 35-40 लाख श्रद्धालु पहुंचने की संभावना है। ...और पढ़ें

गजरौला के तिगरी में मेले के लिए प्रशासन की ओर से लगाए गए तंबू। जागरण
HighLights
720.54 लाख रुपये होंगे खर्च, शासन से मिले 5.50 करोड़ रुपये
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 22 किलोमीटर सड़कों का निर्माण
जागरण संवाददाता, अमरोहा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेले का शुभारंभ 15 नवंबर से होगा। मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार करीब 600 हेक्टेयर क्षेत्रफल में तंबुओं का शहर बसाया जाएगा। व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को छह जोन और 25 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। सभी जोन में मजिस्ट्रेट की तैनाती भी कर दी गई है।
कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। इस बार मेले में 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, आवागमन, ठहरने और स्नान सहित सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

तिगरी गंगा मेले के आयोजन पर कुल 720.54 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से शासन की ओर से 5.50 करोड़ रुपये की धनराशि प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई है।
इस धनराशि से मेला स्थल पर विभिन्न निर्माण और व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में करीब 22 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कराया गया है।

मेला क्षेत्र को छह जोन में बांटकर उनकी जिम्मेदारी डिप्टी कलेक्टर रितु रानी, करमेंद्र सिंह, एसडीएम न्यायिक राकेश कुमार, आशुतोष, जीत सिंह और उपनिदेशक कृषि महेंद्र पाल सिंह को सौंपी गई है।
सभी अधिकारियों को अपने-अपने जोन में व्यवस्थाओं की निगरानी करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन का प्रयास है कि लाखों की संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
तिगरी गंगा मेला-2026 का लोगो जारी
राजकीय गंगा मेला तिगरी-2026 के लिए आकर्षक और भव्य लोगो तैयार किया गया है। इसमें मां गंगा के प्रति श्रद्धा, धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और तिगरी गंगा मेले की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाया गया है।

लोगो में मां गंगा के पावन तट की छटा के साथ मां गंगा का स्वरूप, साधु-संत, धार्मिक ध्वज, कलश और दीपों को स्थान दिया गया है। इसके माध्यम से मेले की धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक वातावरण को प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। यह लोगो इस बार मेले की अलग पहचान बनेगा।
छह घाट महिलाओं के लिए आरक्षित
तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं के स्नान के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मेला क्षेत्र के 25 में से 24 सेक्टरों में स्नान घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। एक सेक्टर में घाट नहीं बनाया जाएगा।

महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छह अलग घाट तैयार किए जा रहे हैं। इन घाटों पर महिला मजिस्ट्रेट और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि महिला श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।