World Post Day: डाकघर में एक छत के नीचे आधार, पासपोर्ट और बैंकिंग समेत कई सेवाओं का लें लाभ
World Post Day: 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष इस दिवस की थीम ''एक डाक ...और पढ़ें

डाकघर में एक छत के नीचे आधार, पासपोर्ट व बैंकिंग समेत कई सेवाएं। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हर वर्ष 9 अक्टूबर को दुनियाभर में मनाया जाता है विश्व डाक दिवस।
डाकघर में अब एक ही छत के नीचे मिल रहा कई सेवाओं का लाभ।
विनय विश्वकर्मा, मेरठ। हर वर्ष 9 अक्टूबर को दुनियाभर में विश्व डाक दिवस मनाया जाता है। अब डाक विभाग केवल एक चिट्ठी पत्र भेजने का माध्यम नहीं रहा। अब यहां एक छत के नीचे आधार कार्ड, पासपोर्ट समेत विभिन्न प्रकार की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इतना ही नहीं, अब डाकघर से 24x7 कभी भी स्पीड पोस्ट व पार्सल की बुकिंग भी उपलब्ध है।
समय के साथ डाक विभाग की उपयोगिता व आवश्यकता भी बदल गई है। डाक विभाग में अब केवल आर्टिकल पहुंचाने का ही नहीं, विभिन्न बचत योजनाएं, जीवन बीमा निगम, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक और माय स्टैंप जैसी कई विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं।
चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में डाक विभाग द्वारा नेक्स्ट जेन पोस्ट आफिस का संचालन शुरू हो गया है। इसमें फ्री वाइ-फाइ ऐक्सिस, काफी व अन्य कई सेवाएं दी जा रही हैं।
पासपोर्ट और आधार कार्ड सेवाएं
शुक्रवार को विश्व डाक दिवस है। इस वर्ष की थीम ''एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं'' हैं। कैंट डाकघर परिसर में पीओपीएसके पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसमें सभी तकनीकी सुविधाएं विदेश मंत्रालय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा दी जाती हैं, जबकि संसाधन और कर्मचारी डाक विभाग से ही होते हैं।
कैंट पासपोर्ट आफिस में प्रतिदिन 90 अप्वाइंटमेंट लिए जाते हैं। इस सेवा की शुरूआत मेरठ में 23 फरवरी 2028 को हुई थी। वहीं, आधार कार्ड बनवाने की सेवाएं अब रविवार समेत सातों दिन दी जा रही हैं। प्रतिदिन 250 से 300 तक आधार कार्ड बनाए जाते हैं।
24 घंटे-सातों दिन पार्सल व स्पीड पोस्ट की बुकिंग
कैंट पोस्ट आफिस में रविवार समेत 24 घंटे और सातों दिन स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग की सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। किसी भी समय ग्राहक पार्सल या स्पीड पोस्ट की बुकिंग करा सकता है।
बचत व बीमा संबंधित योजनाएं
डाकघर बचत बैंक के अंतर्गत बचत खाता, आवर्ती खाता, सावधि जमा, मासिक आय योजना, पीपीएफ, एनएससी, केवीपी, सुकन्या समृद्धि योजना समेत विभिन्न बचत याेजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के माध्यम से नागरिकों को जीवन बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर की टीम इंडिया में वापसी पर पत्नी नूपुर की पुर्तगाली भाषा के एक शब्द की पोस्ट, इसने जीत लिया फैंस का दिल
डाकघर में सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम
- 09 अक्टूबर - विश्व डाक दिवस
- 12 अक्टूबर - फन विद फिलाटेली डे
- 13 अक्टूबर - फाइनेंशियल इन्क्लयूशन डे
- 14 अक्टूबर - मेल एंड पार्सल डे
- 15 अक्टूबर - टेक्नोलोजी एंड इनोवेशन डे
इन्होंने कहा
डाकघर में एक ही छत के नीचे अब बहु सेवाओं का लाभ ग्राहकों को मिल रहा है। डाक विभाग की सेवाओं में निरंतर वृद्धि की जा रही है। शहर ही नहीं सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में भी सभी डाक सेवाएं उपलब्ध हैं। राष्ट्रीय डाक सप्ताह में जागरूकता और प्रचार-प्रसार के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
-जितेंद्र सिंह, प्रवर अधीक्षक डाकघर।
