Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वजन कम करने के लिए महिला ने कराई सर्जरी… हो गई मौत, घरवालों ने ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगा किया हंगामा

    Updated: Wed, 16 Jul 2025 10:39 AM (IST)

    मेरठ के न्यूटिमा अस्पताल में वजन कम करने के लिए एक 55 वर्षीय महिला ने सर्जरी कराई जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका रजनी गुप्ता का वजन 123 किलो था। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने लापरवाही बरती जिससे महिला की जान चली गई।

    Hero Image
    वजन कम करने के लिए महिला ने कराई सर्जरी हो गई मौत।

    जागरण संवाददाता, मेरठ। गढ़ रोड स्थित न्यूटिमा अस्पताल में वजन कम करने के लालच में भर्ती हुई एक महिला ने अपनी जान गवां दी। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर महिला के स्वजन ने अस्पताल के सामने घंटों तक हंगामा किया। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस ने स्वजन को शांत किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पति ने मेडिकल थाने में डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी है। देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।

    सदर बाजार निवासी ब्रजमोहन गुप्ता टैंट कारोबारी है। उनकी 55 वर्षीय पत्नी रजनी गुप्ता में 123 किलो वजन था। 11 जुलाई को रजनी गुप्ता वजन कम करने के लिए न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती हुई। उनका ऑपरेशन डा. ऋषि सिंघल ने किया। 

    रजनी गुप्ता के बेटे शुभम गुप्ता ने बताया कि उनकी माता के पेट में 12 जुलाई को दर्द हुआ। डॉक्टर को बताया गया तो उन्होंने ध्यान नहीं दिया। 13 जुलाई तक भी दर्द बंद नहीं हुआ तो डा. ऋषि सिंघल ने एक्सरे किया, जिसमें आया कि ऑपरेशन करते समय लीकेज रह गया है और पेट के दाहिने हिस्से में पस बन गया है। 

    आरोप है कि डॉक्टर ने ठीक से उपचार नहीं किया और मंगलवार की दोपहर में रजनी गुप्ता की मौत हो गई। हंगामा बढ़ता देख मौके पर सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी, सीएमओ डा. अशोक कटारिया मौके पर पहुंचे और डॉक्टर पर कार्रवाई का आश्वासन देकर स्वजन को शांत किया। रजनी गुप्ता भाजपा के महामंत्री अरविंद मारवाड़ी की बहन हैं। वह भी मौके पर पहुंचे थे।

    ऑपरेशन के बाद डेढ़ साल में 60 किलो वजन कम करने का था दावा

    शुभम गुप्ता ने बताया कि ऑपरेशन करने के डेढ़ साल बाद तक धीरे-धीरे 60 किलो वजन कम करने का दावा किया गया था। ऑपरेशन होने के 24 घंटे बाद 30 किलो वजन कम करने के लिए कहा गया था। 

    शुभम गुप्ता ने बताया कि उनकी मां रजनी गुप्ता और 26 वर्षीय बहन शिवानी गुप्ता ने अपना वजन कम करने के लिए फेसबुक पर चल रहे विज्ञापन देखकर डॉक्टर से संपर्क किया था।

    शिवानी गुप्ता का सफल रहा ऑपरेशन

    रजनी गुप्ता और शिवानी गुप्ता दोनों मां-बेटी वजन कम करने के लिए न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती हुई थी। शिवानी गुप्ता का ऑपरेशन सफल रहा। शिवानी गुप्ता में भी 120 किलो वजन था।

    रजनी गुप्ता का ऑपरेशन होने के बाद शिवानी गुप्ता ने भी अपना ऑपरेशन कराया। फेसबुक के विज्ञापन से मुझसे संपर्क नहीं हुआ। शिवानी गुप्ता ने मेरा एक कार्यक्रम कराया था। जिसमें मैंने 150 ऐसे लोग बुलाए थे, जिनका ऑपरेशन के बाद वजन कम हुआ है। 

    इसी से प्रभावित होकर मां-बेटी ने ऑपरेशन कराने का निर्णय लिया। रजनी गुप्ता को थायराइड, फेटी लीवर, कोलोस्ट्राल, हार्ट आदि बीमारी थी। इसी कारण उनकी मौत हुई है। मेरी कोई लापरवाही नहीं रही है।

    -डाॅ. ऋषि सिंघल, न्यूटिमा अस्पताल

    इस प्रकरण में जांच कमेटी गठित की जाएगी। जांच कमेटी पता करेगी कि किस तरह का ऑपरेशन किया गया। क्या क्या ट्रीटमेंट दिया गया। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    -डाॅ. अशोक कटारिया, सीएमओ

    comedy show banner
    comedy show banner