वंदे भारत में गर्भवती को होने लगी प्रसव पीड़ा, आनन-फानन में रुकवाई गई ट्रेन; महिला अस्पताल में भर्ती
UP Meerut News | दिल्ली से सहारनपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन में एक महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। यात्रियों की सूचना पर ट्रेन को दौराला स्टेशन पर रोका गया। महिला देवबंद की रहने वाली है और रक्षा बंधन पर अपने मायके से लौट रही थी। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी दौराला में भर्ती कराया गया जहाँ उसे प्राथमिक उपचार दिया गया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली से सहारनपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन में सोमवार रात अचानक एक महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। महिला की तबीयत बिगड़ते देख ट्रेन में सवार यात्रियों के कहने पर लोको पायलट ने दौराला स्टेशन पर ट्रेन को रोकना पड़ा। महिला को सीएचसी दौराला में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को दिल्ली से वंदे भारत ट्रेन सहारनपुर के लिए रवाना हुई। ट्रेन में देवबंद निवासी भारती अपने पति सोनू के साथ सवार हुई। सोनू के अनुसार वह रक्षा बंधन पर अपनी पत्नी के साथ उसके मायके गया था। रास्ते में अचानक भारती को प्रसव पीड़ा होने लगी।
तबीयत बिगड़ते देख महिला के चीखने की आवाज सुनकर ट्रेन में सवार यात्रियों ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया व ट्रेन के स्टाफ से लोको पायलट को जानकारी देने को कहा कि अगले स्टेशन पर ट्रेन को रोककर महिला को उपचार दिलाया जाए।
जिसके बाद ट्रेन को दौराला स्टेशन पर रोकना पड़ा और 102 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस महिला को लेकर सीएचसी दौराला पहुंची। डा. ज्योति ने बताया कि अभी डिलीवरी नहीं हुई है। महिला को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। सही समय पर महिला को भर्ती करा दिया गया नहीं तो काफी दिक्कतें बढ़ सकती थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।