सहारनपुर की बेटी ने योग में बनाया वर्ल्ड रिकार्ड, लंदन की संस्था ने किया सम्मानित
सहारनपुर निवासी वीरेंद्र सिंह की बेटी वंदना ने पतंजलि यूनिवर्सिटी से योग में एमए किया है। वर्तमान में वह वियतनाम में योग शिक्षक हैं। वंदना ने 14 मई को योग प्रतियोगिता में भाग लिया था। उन्होंने 30 मिनट आठ सेकेंड तक लगातार गोमुखासन किया।

सहारनपुर, जागरण संवाददाता। दल्हेड़ी गांव निवासी किसान की बेटी ने वियतनाम में लगातार 30 मिनट तक गोमुखासन कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाकर भारत का मान बढ़ाया है। लंदन की हावर्ड रिकार्ड संस्था ने वंदना को प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया है। देश-विदेश में जिले का नाम रोशन करने वाली बेटी के घर पहुंचकर भाजपा नेताओं ने उनके माता-पिता को सम्मानित किया।
वियतनाम में हैं योग शिक्षक
वीरेंद्र सिंह की बेटी वंदना पिछले एक वर्ष से वियतनाम में रहकर कैलिफोर्निया फिटनेस व योग कंपनी में योग शिक्षक हैं। वंदना ने 14 मई को योग प्रतियोगिता में भाग लिया था। इसमें 30 मिनट आठ सेकेंड तक लगातार गोमुखासन करके वर्ल्ड रिकार्ड बनाया है। लंदन की हार्वर्ड रिकार्ड संस्था ने वंदना को वर्ल्ड रिकार्ड का प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया है। फोन पर वंदना ने बताया कि इससे पहले इस आसन को लगातार 20 मिनट तक करने का रिकार्ड एक लड़की के नाम था। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व भूमि विकास बैंक के चेयरमैन अजीत सिंह राणा, मास्टर महक सिंह, तेजबीर सिंह, ओंकार सिंह, हेम सिंह, विनय राणा, काक्का आदि ने वंदना के घर पहुंच कर उनके माता-पिता का माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
पतंजलि यूनिवर्सिटी से योग में किया एमए
वंदना के पिता ने बताया कि वंदना ने पतंजलि यूनिवर्सिटी से योग में एमए किया है। लगभग एक साल से वह वियतनाम में रह कर शिक्षण कार्य कर रही हैं।
यह है गोमुखासन के फायदे
- यह आसन फेफड़ों के लिए लाभदायक है। श्वसन से संबंधित रोगों में सहायता करता है।
- पीठ और बाजुओं की मासपेशियां मजबूत बनाता है।
- 10 मिनट या इससे अधिक अभ्यास करने पर थकान, तनाव और चिंता कम होती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।