UP Cold Alert: दिसंबर में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, नवंबर में अभी तक सर्दी के तेवर नरम
नवंबर में मेरठ में अभी तक कड़ाके की सर्दी महसूस नहीं हुई है, रात और सुबह हल्की ठंड रहती है जबकि दिन में धूप रहती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिसंबर के पहले सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद कड़ाके की ठंड और कोहरा शुरू होने की संभावना है।

UP Weather:
HighLights
नवंबर में मेरठ में अभी तक नहीं पड़ी कड़ाके की सर्दी।
दिसंबर के पहले सप्ताह से बढ़ेगी ठंड, छाएगा घना कोहरा।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में आएगी भारी गिरावट।
जागरण संवाददाता, मेरठ। UP Weather: नवंबर में जैसी सर्दी पड़ती है, अभी तक महसूस नहीं हो सकी है। रात में और सुबह के समय हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। लेकिन दिन में मौसम साफ रहने और धूप निकलने से ठंड का अहसास नहीं हो रहा। उत्तर-पश्चिम हवाएं चलने से दोपहर में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम रहा।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, नवंबर के शेष दिनों में मौसम में बड़ा फेरबदल नहीं होगा। दिसंबर के पहले सप्ताह से कड़ाके की ठंड शुरू होने की संभावना है।
नवंबर में एक भी दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम नहीं
सीजन में अभी तक एक भी दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम नहीं रहा है जबकि वर्ष 2025 में 23 नवंबर तक तीन दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मानकों के अनुसार यह 10.2 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए। वहीं दिन में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अभी तक पूर्वी हवाओं का प्रभाव बना था।
सोमवार से उत्तर-पश्चिम हवाएं चलनी शुरू हुई हैं
सोमवार से उत्तर-पश्चिम हवाएं चलनी शुरू हुई हैं। यही कारण है कि अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई है। इस बार नवंबर में अधिकतर दिनों में आर्द्रता 90 या उससे अधिक पर बनी रही है। इसमें भी दो दिन से कमी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को आद्रता का अधिकतम प्रतिशत 74 रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक जा सकता है।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बदला मौसम, बागेश्वर में घना कोहरा, IMD का ताजा अपडेट
मौसम विभाग का है ये पूर्वानुमान
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र प्रभारी डॉ. यूपी शाही ने बताया कि दिन में ठंड तभी बढ़ेगी जब बादल छाए होंगे। नवंबर तक ऐसी स्थिति की संभावना नहीं है। दिसंबर के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके बाद दिन और रात दोनों तापमान सामान्य से कम रहेंगे। कोहरा भी शुरू हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।