Jamtara Weather: जामताड़ा में पांच दिन में बदलेगा मौसम, 7 डिग्री तक गिरेगा पारा; बढ़ेगी ठिठुरन
जामताड़ा में चक्रवात के कमजोर पड़ने के बाद कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है।

चक्रवात के बाद जामताड़ा में ठंड बढ़ने की संभावना। (फोटो- जागरण)
HighLights
चक्रवात के बाद जामताड़ा में ठंड बढ़ने की संभावना।
अधिकतम पारा 29 से 25, न्यूनतम 20 से 13 डिग्री होगा।
जागरण संवादाता, जामताड़ा। पिछले दो हफ्तों से चक्रवात की वजह से मौसम में आए बदलाव के बाद अब कड़ाके की ठंड को तैयार रहें। चक्रवात की बारिश व हवाओं का रुख बदलने के साथ ही मौसम में भी भारी बदलाव के पूर्वानुमान हैं।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान जामताड़ा में अधिकतम पारे में चार डिग्री और न्यूनतम पारे में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज होगी। मौसम विभागी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार 23 नवंबर को जामताड़ा का अधिकतम पारा 29 डिग्री जबकि न्यूनतम पारा 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जबकि आगामी दिनों में 27 नवंबर तक जामताड़ा का अधिकतम पारा गिरकर 25 डिग्री और न्यूनतम पारा लुढ़क कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में चक्रवाती तूफान अकवान का असर कमजोर पड़ने के बाद मौसम ने करवट ले ली है। मंगलवार की सुबह जामताड़ा समेत आसपास के इलाके में सुबह कुहासा देखने को मिला, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हुआ और धूप खिली रही। मौसम शुष्क रहने के कारण बारिश से राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, फिलहाल राज्य में किसी नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि, सुबह के समय हल्के से मध्यम कुहासे का असर जारी रह सकता है।
वहीं, अब तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने वाली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में जामताड़ा का न्यूनतम तापमान 20 से गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने का अनुमान है।
अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे गिरावट आएगी। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ेगा। खासकर सुबह जल्दी निकलने और रात में सफर करने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।