विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लग्न के मौसम में महंगाई का तड़का, आरा मंडी में अरहर दाल 140 तो हल्दी 300 रुपये किलो पार, बिगड़ा रसोई का बजट

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:37 PM (IST)

आरा की किराना मंडी में लग्न के मौसम में महंगाई का असर दिख रहा है, जिससे दालों, मसालों और सरसों तेल की कीमतों में तेजी आई है। अरहर दाल 140 रुपये, चना दाल 95 रुपये और हल्दी 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं का रसोई बजट बिगड़ गया है।

लग्न के मौसम में महंगाई का तड़का (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

लग्न के मौसम में महंगाई का तड़का (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. आरा में लग्न के कारण किराना सामानों की कीमतें बढ़ीं।

  2. अरहर दाल 140 रुपये, चना दाल 95 रुपये प्रति किलो हुई।

  3. हल्दी 300 रुपये, धनिया 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंची।

जागरण संवाददाता, आरा। लग्न के त्योहार और शादी-विवाह के मौसम में किराना मंडी में महंगाई का असर दिखने लगा है। सरसों तेल के साथ-साथ दाल, मसाले और रोजमर्रा के उपयोग में आने वाले कई खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी आई है। पिछले कुछ दिनों में कई सामानों के दाम में बढ़ोतरी होने से आम उपभोक्ताओं के रसोई का बजट बिगड़ने लगा है। 

खासकर शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए बड़ी मात्रा में किराना सामान खरीदने वाले परिवारों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है। आरण्य देवी किराना मंडी में रहर दाल, चना दाल, मसूर दाल, हल्दी, धनिया और मिर्ची के भाव में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 

रहर दाल अब 140 रुपये प्रति किलो

पहले 112 रुपये प्रति किलो बिकने वाली रहर दाल अब 140 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। वहीं, चना दाल की कीमत भी तेजी से बढ़ी है। पहले चना दाल 68 रुपये प्रति किलो बिकती थी, जो अब बढ़कर 95 रुपये प्रति किलो हो गई है। इस तरह चना दाल खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को प्रति किलो 27 रुपये अधिक खर्च करना पड़ रहा है। 

मसूर दाल के भाव में भी बढ़ोतरी हुई है। पहले 70 रुपये प्रति किलो बिकने वाली मसूर दाल अब 80 रुपये प्रति किलो बिक रही है। दालों की कीमतों में लगातार बदलाव से भोजन की थाली का खर्च बढ़ रहा है। शादी-विवाह के मौसम में दालों की खपत अधिक होने के कारण खरीदारों को इसका असर सीधे तौर पर महसूस हो रहा है। 

हल्दी 300 रुपये प्रति किलो

वहीं, मसालों के भाव भी बढ़ने से रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है। हल्दी की कीमत पहले 200 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 300 रुपये प्रति किलो हो गई है। धनिया भी 150 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 200 रुपये प्रति किलो बिकने लगा है। मिर्ची के भाव में भी तेजी आई है। पहले 200 रुपये प्रति किलो बिकने वाली मिर्ची अब 250 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। 

मसालों की कीमतों में बढ़ोतरी से शादी-विवाह के भोज और घरेलू भोजन तैयार करने का खर्च भी बढ़ने लगा है। सरसों तेल के भाव में भी हाल के दिनों में तेजी देखी गई है। तेल, दाल और मसालों की कीमतों में एक साथ बढ़ोतरी होने से किराना सामान खरीदने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। 

पहले की तुलना में अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही

लग्न के मौसम में खरीदारी करने वाले परिवारों को अब पहले की तुलना में अधिक राशि खर्च करनी पड़ रही है। हालांकि, रिफाइंड तेल की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसकी कीमत स्थिर बनी हुई है। 

किराना कारोबारियों के अनुसार, मंडी में अलग-अलग सामानों के भाव में बदलाव के कारण ग्राहकों को खरीदारी के दौरान कीमतों का हिसाब लगाना पड़ रहा है। लग्न के मौसम में सामानों की बढ़ती कीमतों से बाजार में महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान की मंडी ने बिगाड़ा बिहार की रसोई का बजट! 10 दिन में ₹1100 महंगा हुआ सरसों तेल; घानी का रेट ₹3800


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।