मेरठ: थापरनगर में पर्यावरण शुद्धि के लिए विशेष यज्ञ, औषधि युक्त सामग्री व देशी घी से वेद मंत्रों की दी आहुति
आर्य समाज थापरनगर द्वारा थापरनगर गोल चक्कर पार्क में रविवार प्रात पर्यावरण शुद्धि के लिए विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें आचार्य सत्यप्रकाश के ब्रह ...और पढ़ें

मेरठ, जागरण संवाददाता। आर्य समाज थापरनगर द्वारा थापरनगर गोल चक्कर पार्क में रविवार प्रात: पर्यावरण शुद्धि के लिए विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें आचार्य सत्यप्रकाश के ब्रह्मत्व में विशेष औषधि युक्त सामग्री व शुद्ध देशी घी से वेद मंत्रों की आहुति प्रदान की गई। यजमान अपर्णा-अरविंद कुमार रहे। सामग्री में अगर, तौर, जायफल, जावित्री, गिलोय, गुग्गुल, सुगंध व कोकिला औषधि समाहित थी। यज्ञ का उद्देश्य वायुमंडल के प्रदूषण को कम कर शुद्ध करना था।
यज्ञ वातावरण को शुद्ध करने का सर्वश्रेष्ठ साधन
इस अवसर पर आचार्य सत्यप्रकाश ने कहा कि यज्ञ वातावरण को शुद्ध करने का सर्वश्रेष्ठ साधन है। यह परमपिता परमात्मा की सृष्टि संचालन व्यवस्था में किए जाने वाले सहयोग के कारण ईश्वर की पूजा का सर्वोत्तम साधन है। राजेश सेठी ने कहा कि यज्ञ मात्र धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि विशुद्ध रूप से वैज्ञानिक प्रक्रिया है। जो मानव मात्र के कल्याण व परोपकार का श्रेष्ठतम माध्यम है।
आर्यवृत में यज्ञों का होता रहा है आयोजन
उन्होंने कहा कि जब तक आर्यवृत में यज्ञों का आयोजन होता रहा, यहां पर अतिवृष्टि, अनावृष्टि व व्याधि का प्रकोप नहीं था। यज्ञ को विष्णु की संज्ञा दी गई है। जहां यज्ञ होता है, वहां लक्ष्मी का निवास होता है। दीपावली का पर्व प्रकाश व ज्ञान का पर्व है। कहा कि हमें यज्ञ कर वातावरण को शुद्ध रखने का प्रयास निरंतर करते रहना चाहिए। यज्ञ में चंद्र वासुदेव, मनीष शर्मा, भानु बत्रा, कृष्ण कुमार वर्मा, रविंद्र बत्रा, संजय मदान, प्रीति सेठी, विमल मरवाहा, ज्योति बत्रा व श्रेय बत्रा ने आहुति दी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।