नौ साल में गारमेंट व्यापारी से दिल्ली का डॉन बन गया शिव शक्ति नायडू Meerut News
शिव शक्ति नायडू नौ साल में दिल्ली का डॉन बन गया। वह 2014 में कालकाजी निवासी राजेश कुमार की आठ करोड़ की रकम लूट कर मुंबई तक चर्चा में आ गया था।
मेरठ, [सुशील कुमार]। कपड़ों की दुकान करने वाला शिव शक्ति नायडू नौ साल में दिल्ली का डॉन बन गया। वह 2014 में कालकाजी निवासी राजेश कुमार की आठ करोड़ की रकम लूट कर मुंबई तक चर्चा में आ गया था। यह रकम हवाला की थी। इसके बाद नायडू ने नासिर और छेनू गैंग से हाथ मिला लिया था। छेनू गैंग के साथ मिलकर कड़कड़डूमा कोर्ट में सिपाही रणसिंह मीणा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद तो दिल्ली की स्पेशल सेल नायडू के पीछे पड़ गई थी। नायडू के पिता बाबूलाल दक्षिण भारत से दिल्ली में आकर बस गए थे। बाबूलाल कपड़ों का काम करते थे। नायडू पिता का हाथ बंटाने लगा। खुराफाती दिमाग का नायडू गारमेंट की दुकान के साथ-साथ हवाला के धंधे से जुड़ गया। 2011 में सफदरजंग थाने में नायडू के खिलाफ जानलेवा हमले का पहला मुकदमा दर्ज हुआ। दूसरा मुकदमा अंबेडकर नगर थाने में जानलेवा हमले का ही दर्ज हुआ।
इस लूट से चर्चा में आया नायडू
नायडू ने 28 जनवरी 2014 की सुबह साढ़े नौ बजे लाजपतनगर दिल्ली स्थित मूलचंद फ्लाईओवर के पास राजेश कुमार से 7,70,42000 की रकम लूट ली। यह रकम हवाला की थी, जिसे राजेश कुमार होंडा सिटी में रखकर करोल बाग ले जा रहे थे। डिफेंस कालोनी फ्लाईओवर पर घेराबंदी कर दिल्ली पुलिस ने इस लूट में शामिल सात बदमाशों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से रकम भी बरामद हो गई। इसके बाद नायडू रंगदारी, वसूली और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने लगा। इसी वर्ष नायडू ने दिल्ली के नासिर गैंग से हाथ मिला लिया। नासिर और छेनू गैंग में खूनी रंजिश चल रही थी। दोनों गैंग में 23 हत्याएं हो चुकी हैं। छेनू गैंग ने तभी नीरज बवाना का हाथ थाम लिया था। इसके बाद से दिल्ली में नायडू का खौफ हो गया था।
वेस्ट यूपी में खड़ा करना चाहता था साम्राज्य
शामली के रायसी निवासी रवि उर्फ भूरा भी दिल्ली में शक्ति नायडू के साथ मिलकर अपराध कर रहा था। रवि के संपर्क में मुजफ्फरनगर के छछरपुर निवासी ऋतुराज था, जो फिलहाल कंकरखेड़ा की वैष्णो धाम कालोनी में रहकर प्रॉपर्टी का काम कर रहा है। 30 जनवरी को भी गुरुग्राम से शक्ति नायडू, तिलकराज, उसका भतीजा हनी, रवि उर्फ भूरा और एक अन्य युवक दो कार में सवार होकर मेरठ आए थे।
प्रोफाइल
नाम - शिव शक्ति नायडू उर्फ भोला कालीदास
पिता - बाबू लाल उम्र - 35 साल
पत्नी - राखी उर्फ रेखा नायडू
बेटा - ऋतिक नायडू
भाई-बहन - सुभाष नायडू, शुभलक्ष्मी
पता - 705 गली नंबर 24 थर्ड फ्लोर डीडीए फ्लैट मदनगीर नई दिल्ली।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।