विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मेरठ: 30 आतंकी ढ़ेर करने वाले असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार को शौर्य चक्र

By Taruna TayalEdited By:
Published: Fri, 19 Aug 2022 07:30 PM (IST)

न्यू मीनाक्षीपुरम कालोनी निवासी सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार को उनकी बहादुरी व वीरता के ...और पढ़ें

असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार को मिलेगा शौर्य चक्र।
असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार को मिलेगा शौर्य चक्र।

मेरठ, जागरण संवाददाता। न्यू मीनाक्षीपुरम कालोनी निवासी सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) के असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार को उनकी बहादुरी व वीरता के लिए शौर्य चक्र से पुरस्कृत किया गया है। यह घोषणा स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की थी। जल्द ही उन्हें समारोह में शौर्य चक्र से पुरस्कृत किया जाएगा। घोषणा के बाद शुक्रवार को एडीएम सिटी दिवाकर सिंह उनके घर पहुंचे और शाल ओढ़ाकर उन्हें बधाई देते हुए सम्मानित किया। असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार ने 2019 से अब तक श्रीनगर में 15 आपरेशन में हिस्सा लिया। इसमें उन्होंने 30 आतंकवादी मार गिराए और पांच को जिंदा दबोचा। इसी अदम्य साहस के लिए अमित कुमार को शौर्य चक्र व तीन पुलिस मेडल गैलेंट्री अवार्ड की घोषणा की गई है।

मेरठ कालेज से किया था परमाणु भौतिकी में एमएससी

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के असिस्टेंट कमांडेंट मूल रूप से बुलंदशहर जिले के स्याना तहसील में निसरखा गांव के निवासी हैं। उनके पिता जीत सिंह सेना में सूबेदार मेजर से सेवानिवृत्त हैं। मां राजेंद्र देवी गृहिणी हैं। लगभग 22 वर्षों से पूरा परिवार गंगानगर क्षेत्र में न्यू मीनाक्षीपुरम कालोनी की गली नंबर एक में रहता है। अमित कुमार ने 2005 में आर्मी स्कूल से स्कूलिंग पूरी करने के बाद मेरठ कालेज से स्नातक व परमाणु भौतिक विज्ञान में परास्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद वह वर्ष 2013 में असिस्टेंट कमांडेंट नियुक्त हुए।

15 आपरेशन में 30 आतंकी मारे, पांच जिंदा पकड़े

अमित कुमार पिछले चार सालों से सीआरपीएफ की वैली क्यूएटी में कमांडर के रूप में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात हैं। उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर पिछले चार वर्षों में 15 आपरेशन किए। इसमें 30 आतंकवादियों को ढ़ेर किया और पांच को जिंदा दबोचा। उनकी इसी वीरता व साहस को देखते हुए शौर्य चक्र से नवाजा है। इसके अलावा उनके पास तीन पुलिस मेडल गैलेंट्री अवार्ड और सीआरपीएफ महानिदेशक से उन्हें 14 प्रशस्ति-पत्र मिल चुके हैं।

बेटे के अदम्य साहस से माता-पिता हुए गदगद

शुक्रवार शाम एडीएम सिटी दिवाकर सिंह न्यू मीनाक्षीपुरम कालोनी गली नंबर एक में असिस्टेंट कमांडेंट अमित कुमार के घर पहुंचे। वहां पर उनके माता-पिता, भाई बहन, पत्नी व अन्य स्वजन मौजूद थे। एडीएम सिटी ने शाल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया और बधाई दी। इस अवसर पर समाजसेवी सरबजीत सिंह कपूर व पार्षद विजय सोनकर भी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।