सहारनपुर: फिर खुली भीम आर्मी की पाठशालाएं, देवबंद से की गई शुरुआत
कोरोना काल से बंद चल रही भीम आर्मी की पाठशालाओं को फिर से शुरू किया जा रहा है। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देवबंद विधानसभा से सोमवार को इसकी शुरुआत की गई। भीम आर्मी राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने इसकी शुरुआत की।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। कोरोना काल से बंद चल रही भीम आर्मी की पाठशालाओ को फिर से शुरू किया जा रहा है। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर देवबंद विधानसभा से सोमवार को इसकी शुरुआत की गई। भीम आर्मी राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने इसकी शुरुआत की। इस दौरान बच्चों को भारत के संविधान की प्रस्तावना पढ़ाई गई तथा संविधान की किताबें भेंट की गई।
भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह ने बताया कि जल्द ही सहारनपुर के प्रत्येक विधानसभा में इस प्रकार से निरीक्षण किया जाएगा तथा जहां-जहां भीम आर्मी पाठशाला रुकी हुई है, उनको शुरू कराया जाएगा। जहां ठीक तरीके से पाठशाला नहीं चल पा रही हैं वहां पर बदलाव किया जाएगा। वह खुद जाकर प्रत्येक विधानसभा में निरीक्षण करेंगे तथा भीम आर्मी पाठशाला के बच्चों से मिलकर पढ़ाई के दौरान कोई समस्या आ रही है तो उनका निवारण किया जाएगा।
जल्द ही ग्राम स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक पूरे देश में भीम आर्मी की लाखों पाठशाला खोली जाएंगी। इन पाठशालाओं में जहां समाज के महापुरुषों का इतिहास बच्चों को बताया जाएगा वहीं, बाबा साहब के शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो के सपने को साकार किया जाएगा। बताया कि वर्तमान में जो भीम आर्मी पाठशालाएं चल रही है उन पाठशालाओं में पढ़ाने वाले अध्यापको को प्रदेश स्तरीय सम्मेलन कराकर सम्मानित किया जाएगा।