RO-ARO परीक्षा का सवाल- चंद्रयान-3 ने सॉफ्ट लैंडिंग की, भारत ऐसा करने वाला कौन-सा देश बना? हैरान कर देगा जवाब
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा में चंद्रयान-3 की लैंडिंग लोकसभा चुनाव और अन्य चर्चित घटनाओं से संबंधित सवाल पूछे गए। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की जिससे भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बना। कुल 27926 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7477 उपस्थित रहे जबकि 20449 अनुपस्थित रहे।

जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से आयोजित समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी वर्ष-2023 (आरओ व एआरओ) की परीक्षा रविवार को सकुशल संपन्न हो गई।
परीक्षा में कई चर्चित घटनाओं से संबंधित सवाल पूछे गए। इनमें एक सवाल चंद्रयान की लैंडिंग को लेकर भी पूछा गया। यह सवाल था, भारत के चंद्रयान-3 में चंद्रमा पर साफ्ट लैंडिंग की, जिससे भारत ऐसा करने वाला कौन सा देश बना?
इसके चार विकल्प दिए गए थे। इनमें पहला विकल्प द्वितीय, दूसरा तृतीय, तीसरा चतुर्थ व चौथा विकल्प उपयुक्त में से कोई नहीं, दिया गया था। इसका सही जवाब चतुर्थ रहा। वहीं, लोकसभा चुनाव कितने चरणों में संपंन कराए गए थे। इसका सही जवाब सात चरण रहा।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि कुल 58 परीक्षा केंद्रों पर 27,926 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से कुल 7,477 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 20,449 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी ओर, डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कई परीक्षा केन्द्र जाकर वहां व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा संबंधी आदेश दिए गए।
परीक्षा में आए कुल दो सौ सवाल
परीक्षा में कुल दो सौ सवाल हल करने के लिए आए। इनमें एक से 140 तक सामान्य अध्ययन व 141 से दो सौ तक सामान्य हिंदी के सवाल रहे। परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक तिहाई अंकों की कटौती का प्रावधान किया गया था।
परीक्षा में कई चर्चित मुद्दों व घटनाक्रमों को लेकर सवाल पूछे गए। एक सवाल था, भारत के किस राज्य में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है। विकल्प के रूप में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक व केरल शामिल है। सही जवाब केरल रहा।
इसी तरह कई सवाल आए। उत्तर प्रदेश राज्य में पहली खनिज नीति कब घोषित की गई थी। राष्ट्रीय कृषि अर्थशास्त्र और अनुसंधान संस्थान किस शहर में स्थित है। द पापुलेशन बम नामक पुस्तक के लेखक कौन हैं।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का प्रथम अधिवेशन कहां संपन्न हुआ था। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गठन के समय भारत का गवर्नर जनरल और वायसराय कौन था। खेल से संबंधित भी सवाल परीक्षा में पूछे गए।
परीक्षा के चलते सुबह 6 बजे से चली नमो भारत
परीक्षा के चलते रविवार को मेरठ साउथ से लेकर न्यू अशोक नगर तक नमो भारत सुबह 6 बजे से चली। जबकि रविवार को चलने का समय सुबह 8 बजे से होता है। रविवार की रात 10 बजे तक नमो की सेवाएं उपलब्ध रहीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।