विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ के राली चौहान में 65 एमएलडी एसटीपी का निर्माण, काली नदी होगी स्वच्छ; जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया तेज

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:58 PM (IST)

मेरठ के राली चौहान में काली नदी को स्वच्छ बनाने के लिए 65 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। गंगा की सहायक नदी काली को स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए कसेरूखेड़ा नाले के अंतिम छोर पर 65 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके निर्माण के बाद नाले के सीवेज का शत-प्रतिशत शोधन कर साफ पानी काली नदी में छोड़ा जाएगा।

नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा के तहत यह प्रोजेक्ट वर्ष 2022 में आया था, लेकिन जरूरत के अनुसार जमीन नहीं मिलने से अटक गया था। अब जिला प्रशासन और नगर निगम ने इसका रास्ता निकाला है।

राली चौहान गांव के तीन खसरों की 3.4 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित कर एसटीपी बनाया जाएगा। जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई तेज कर दी गई है। 24 खातेदारों को करीब 22 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाना है।

कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी ने इसकी फाइल अनुमोदित कर दी है। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार के माध्यम से फाइल नगर विकास विभाग को भेजी जाएगी। शासन से धनराशि मिलने के बाद जमीन अधिग्रहण होगा।

नमामि गंगे इकाई के अधिकारियों के अनुसार, एसटीपी और करीब 1100 मीटर लंबी राइजिंग लाइन बनाने पर 321.64 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

नमामि गंगे इकाई की मुजफ्फरनगर शाखा के अवर अभियंता विवेक शर्मा ने बताया कि प्रस्ताव नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा को भेजा जा रहा है। कसेरूखेड़ा नाला करीब 22 किमी लंबा है। इसके किनारे पहले से पांच एसटीपी हैं, लेकिन नया प्रोजेक्ट काली नदी की स्वच्छता के लिए नाले के अंतिम छोर पर बनाया जाना है।

आबादी क्षेत्र में भी एसटीपी की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के अंतिम छोर पर एसटीपी बनने से नदी साफ हो सकती है, लेकिन नाले किनारे बसे लोगों को सीवेज की गंदगी, दुर्गंध और भूगर्भ जल प्रदूषण से राहत देने के लिए आबादी क्षेत्र में भी एक एसटीपी जरूरी है।

पल्लवपुरम फेज एक, पल्लवपुरम फेज दो, रक्षापुरम, अंसल कालोनी और गंगागनर एसटीपी की कुल शोधन क्षमता 39 एमएलडी है, जबकि इनके जरिए 26.5 एमएलडी सीवेज ही शोधित होता है। ये एसटीपी पूरी क्षमता से नहीं चल रहे हैं। कसेरूखेड़ा, ईशापुरम और मीनाक्षीपुरम के लोगों ने एक और एसटीपी की मांग नगर आयुक्त से की है।

प्रस्तावित 65 एमएलडी एसटीपी के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। आबादी क्षेत्र में एक और एसटीपी बनना चाहिए, लेकिन यह देखना पड़ेगा कि इसके लिए जमीन कितनी उपलब्ध है और किस योजना की धनराशि मिल सकती है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

-सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त

यह भी पढ़ें- मेरठ: नमकीन कारखाने में आग लगने से मची अफरातफरी, तीन मंजिला मकान से बाहर भागे लोग

यह भी पढ़ें- दसवीं पास ठग ने अमेरिका के कारोबारी से की ठगी, मेरठ का शातिर गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।