बदन सिंह बद्दो की फरारी मामले में पुलिस ने अनिल छाबड़ा को किया गिरफ्तार Meerut News
बीती 28 मार्च को पुलिस हिरासत से फरार हुए कुख्यात बदन सिंह बद्दो के मामले में मेट्रो प्लाजा व्यापार संघ के अध्यक्ष अनिल छाबड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मेरठ, जेएनएन। कुख्यात बदन सिंह बद्दो की पुलिस हिरासत से फरारी के मामले में मेट्रो प्लाजा व्यापार संघ के अध्यक्ष अनिल छाबड़ा भी फंस गए। ब्रह्रमपुरी पुलिस ने अनिल छाबड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके बाद सभी व्यापारी नेताओं ने थाने पर पहुंचकर हंगामा किया। उसके बाद पुलिस ने बताया कि बद्दो की फरारी में अनिल छाबड़ा का हाथ सामने आ रहा है। फिलहाल उसे पूछताछ के लिए उठाया गया। उसपर पुलिस ने 25 हजार का ईनाम भी घोषित किया था। बुधवार को पुलिस की टीम ने मेट्रो प्लाजा व्यापार संघ के अध्यक्ष अनिल छाबड़ा को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि कुख्यात बदन सिंह की फरारी में अनिल छाबड़ा का हाथ माना जा रहा है। पुलिस के पास उसके साक्ष्य भी हैं।
व्यापारियों ने किया हंगामा
उधर, संयुक्त व्यापार संघ के नवीन गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी थाने में पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर अनिल छाबड़ा को छोड़ने की मांग की। सभी व्यापारियों को पुलिस ने साक्ष्य दिखाए, जिस पर व्यापारी वापस लौट गए। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि अनिल छाबड़ा से बदन सिंह बद्दो की फरारी के मामले में पूछताछ की जा रही है। अनिल के खिलाफ साक्ष्य जुटाने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा।
ये था घटनाक्रम
गत 28 मार्च को कुख्यात बदन सिंह बद्दो फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से गाजियाबाद में पेशी पर आया था। पेशी के बाद पुलिसकर्मियों से साठगांठ कर वह मेरठ में दिल्ली रोड स्थित होटल मुकुट महल में पहुंचा। वहां, पुलिसकर्मियों को शराब पार्टी में लगाकर बद्दो फरार हो गया। इस संबंध में थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी निगरानी में तैनात फतेहगढ़ पुलिस के दारोगा देशराज त्यागी, संतोष कुमार, सुनील कुमार, राजकुमार, ओमवीर व भूपेन्द्र सिंह को जेल भेजा था, जिनको जमानत मिल चुकी है। पुलिसकर्मियों के अलावा बद्दो के सहयोगी एहतेशाम इलाही, जवाहरलाल व शिशुपाल उर्फ बंटी, व्यापारी सोनू सहगल, लल्लू मक्कड़, डिपिन सूरी व करन पब्लिक स्कूल के निदेशक भानू और पपीत बड़ला को भी जेल जाना पड़ा। अधिकांश आरोपितों को हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। उक्त मामले में बद्दो का बेटा सिकंदर भी नामजद है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।