हिमाचल में घूम रहा कुख्यात उधम सिंह, साथियों संग पार्टी की तस्वीरें वायरल, तलाश नहीं पा रही मेरठ पुलिस
बिल्डर से 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोपी कुख्यात उधम सिंह हिमाचल प्रदेश में दोस्तों संग पार्टी करते हुए देखा गया है, जबकि मेरठ पुलिस उसे तलाश नहीं कर पा रही है।

उधमसिंह की पार्टी की फोटो प्रसारित। सोशल मीडिया
HighLights
कुख्यात उधम सिंह हिमाचल में दोस्तों संग पार्टी करते दिखा।
मेरठ पुलिस 50 लाख रंगदारी के आरोपी को नहीं ढूंढ पा रही।
उधम सिंह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। बिल्डर अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोपित कुख्यात उधम सिंह और उसका शूटर इनामउल्लाह पुलिस की पकड़ से दूर है। उधम की हिमाचल में दोस्तों संग पार्टी करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, लेकिन पुलिस उसे तलाश नहीं कर पा रही। इससे पुलिस की निगरानी और खुफिया तंत्र पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
कौन है उधम सिंह?
उधम सिंह को पुलिस का कितना खौफ है... इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह हाल ही में करीब एक सप्ताह तक शहर में रहा। इस दौरान सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में पहली पत्नी पुष्पा का उपचार कराया। अस्पताल में पत्नी के साथ रहने के अलावा वह बेखौफ शहर में कार से घूमता रहा।
अस्पताल चौकी से चंद कदम की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस और एलआइयू को उसकी मौजूदगी की भनक तक नहीं लगी। अब हिमाचल में पार्टी करते हुए उसकी तस्वीरें प्रसारित होने के बाद उसकी तलाश में जुटी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप
बता दें कि सरूरपुर के करनावल निवासी उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह पर एसआर डेवलपर्स के साझेदार अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा के मुताबिक, सात सितंबर को वह आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जा रहे थे। अशोक की लाट के पास दो गाड़ियों ने उनकी कार को घेर लिया।
आरोप है कि इनामउल्लाह ने पिस्टल दिखाकर 50 लाख रुपये देने की धमकी दी। विरोध करने पर उनकी कार की तरफ फायरिंग भी की गई। एक नवंबर की रात बाइक सवार दो युवक उनके कार्यालय पहुंचे और एक लिफाफा देकर चले गए। अगले दिन जब लिफाफा खोला तो उसमें कारतूस और धमकी भरा पत्र मिला।
मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बिल्डर को सुरक्षा भी मुहैया कराई। उधम और इनामउल्लाह पर 25-25 हजार के इनाम की संस्तुति की गई। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि हिमाचल से जानकारी जुटाई जा रही है कि तस्वीरें किस रेस्तरां की हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।