मेरठ में अवैध निर्माण हटाने को मिली मोहलत, सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले कार्रवाई तेज
मेरठ में अवैध निर्माण हटाने को लेकर संपत्ति मालिकों ने दो दिन की मोहलत मांगी, जिस पर अधिकारियों ने उन्हें 30 नवंबर तक का समय दिया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। नौ दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई को लेकर आवास एवं विकास परिषद और पुलिस प्रशासन पर भी अवमानना की तलवार लटक रही है। सेंट्रल मार्केट के 24 व्यापारियों के साथ वार्ता जारी है।
शनिवार को दो दिन की समयसीमा पूरी होने के बाद परिषद के कार्यालय में हुई बैठक में एडीएम सिटी, एसपी सिटी के साथ आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों ने भाग लिया।
24 में से जिन तीन संपत्तियों ने 25 प्रतिशत से कम अवैध निर्माण हटाया है, उनके खिलाफ रविवार सुबह से कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस पर संपत्तियों के मालिकों ने दो दिन की अंतिम मोहलत मांगी। अधिकारियों ने उन्हें 30 नवंबर तक का समय दिया है।
संयुक्त मेरठ व्यापार बचाओ आंदोलन समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर ने कहा कि राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका पर दो दिसंबर को सुनवाई होनी है। इसलिए तब तक ध्वस्तीकरण-सीलिंग की कार्रवाई न की जाए।
वहीं, शास्त्रीनगर में शनिवार को कई निर्माणों में तोड़फोड़ की कार्रवाई होती रही। तीन निर्माणों में शामिल रायल बैंक्वेट हाल में भी तोड़फोड़ शुरू हो गई।
शास्त्रीनगर सेक्टर सात भूखंड संख्या 187, सेक्टर पांच स्थित 210, सेक्टर दो में भूखंड संख्या 17 पर निर्मित कांप्लेक्स शामिल हैं। इनमें से एक में रायल मंडप, दूसरा ढाका कांप्लेक्स और आर्टिक ग्रीन इन्फ्रा है। इनमें 25 प्रतिशत से कम अवैध निर्माण हटाया है।
21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत अनुपालन रिपोर्ट में परिषद ने कहा था कि 201 में से 138 और 44 में से 24 संपत्तियों में सेटबैक की जगह पर हुआ निर्माण नहीं हटाया जा सका है। कोर्ट ने इन निर्माणों में सेटबैक छोड़ने की कार्रवाई जल्द पूरी करने और अगली सुनवाई की तिथि नौ दिसंबर तय कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा था लेकिन अब तक अवैध निर्माण हटाए नहीं जा सके हैं।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए परिषद ने किराये की पोकलेन मशीन भी मंगवा ली है। 44 निर्माण इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं कि इनमें पूरी संपत्ति का व्यावसायिक प्रयोग हो रहा था। व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी हैं लेकिन पूर्ण निर्माण नहीं हटाया है। उप आवास आयुक्त ने बताया कि 24 में पांच ने सेटबैक पर हुआ निर्माण हटा लिया है। व्यापारियों के अनुरोध पर 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।