विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में एक साथ गरजा 10 बुलडोजर, चार अवैध कॉलोनियां ध्वस्त; SC में सुनवाई से पहले प्रशासन की कार्रवाई

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:20 PM (IST)

मेरठ के उल्देपुर में मेडा ने 10 बुलडोजरों के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट में अवैध कॉलोनियों के मामले की सुनवाई से पहले की गई।

उल्देपुर के पास मेडा द्वारा अवैध कॉलोनी की बाउंड्रीवाल और पलाट की दीवारों को बुलडोजर से तोड़ा गया। फोटो- जागरण

उल्देपुर के पास मेडा द्वारा अवैध कॉलोनी की बाउंड्रीवाल और पलाट की दीवारों को बुलडोजर से तोड़ा गया। फोटो- जागरण

HighLights

  1. मेडा ने उल्देपुर में चार अवैध कॉलोनियां ध्वस्त कीं।

  2. सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से पहले हुई यह बड़ी कार्रवाई।

  3. 10 बुलडोजरों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। उल्देपुर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ शनिवार को मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने बड़ी कार्रवाई की। मेडा सचिव के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम 10 बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची। इस दौरान भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में चार अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। कॉलोनियों की सड़कें उखाड़ने के साथ ही प्लाटों की दीवारें और कॉलोनी की बाउंड्रीवाल ध्वस्त कर दी। सीओ सदर देहात भी मौके पर मौजूद रहे।

उल्देपुर क्षेत्र एक बार फिर अवैध कॉलोनियों को लेकर सुर्खियों में आ गया है। करीब एक महीने पहले सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित आयोग की टीम ने क्षेत्र में विकसित हुई अवैध कॉलोनियों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया था।

इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। हालांकि, आयोग की टीम आने से पहले मेडा ने कुछ अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण के नाम पर महज औपचारिक कार्रवाई की थी। बताया जाता है कि अवैध कॉलोनियों और मार्केट से जुड़े मामले में नौ दिसंबर को कोर्ट में सुनवाई होनी है। इससे पहले ही शनिवार को मेडा ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी।

कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को ही पुलिस और पीएसी की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई थी। शनिवार सुबह मेडा सचिव विनय सिंह अपनी टीम के साथ उल्देपुर पहुंचे। उनके साथ 10 बुलडोजर भी थे। इसके अलावा पल्लवपुरम, गंगानगर, कंकरखेड़ा, दौराला, लालकुर्ती, इंचौली आदि थाने व पुलिस लाइन से पुलिस फोर्स और पीएसी जवान भी मौके पर तैनात थे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चार अवैध कॉलोनियों में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।

इस दौरान बुलडोजरों से कॉलोनियों के अंदर बनी सड़कें उखाड़ दी गईं। प्लाटों की दीवारें और कॉलोनियों की बाउंड्रीवाल तोड़ दी गईं। वहीं, नए निर्माण के लिए मौके पर रखे ईंटों के चट्टों को भी जेसीबी से गिराकर तोड़ दिया।

कुछ कॉलोनी बिल्डर और उनके साथियों ने इसका विरोध कर सचिव से कार्रवाई रुकवाने के मांग की थी, मगर कार्रवाई नहीं रोकी।विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि उनके पिलर क्यों तोड़े जा रहे हैं। कार्रवाई सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई, जो शाम तक जारी रही।

मेडा सचिव विनय सिंह ने बताया कि उल्देपुर में अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई पूरे दिन चलाया गया। सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामले के संदर्भ में ही यह कार्रवाई की गई है। अवैध कॉलोनियों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- बड़ौत-सराय रोड पर बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बड़ौत-मेरठ हाईवे तक आवागमन होगा सुगम

यह भी पढ़ें- मेरठ कृषि यूनिवर्सिटी में 38.21 करोड़ से बनेगा स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, 1500 लोगों के बैठने की होगी क्षमता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।