विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ कृषि यूनिवर्सिटी में 38.21 करोड़ से बनेगा स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम, 1500 लोगों के बैठने की होगी क्षमता

Published: Sat, 28 Nov 2026 04:22 PM (GMT+05:30)

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में 38.21 करोड़ रुपये के स्वामी विवेकानंद सभागार और 10.50 करोड़ रुपये के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया।

कृषि विश्वविद्यालय में इस जगह पर स्वामी विवेकानंद सभागार का होगा निर्माण। फोटो जागरण

कृषि विश्वविद्यालय में इस जगह पर स्वामी विवेकानंद सभागार का होगा निर्माण। फोटो जागरण

HighLights

  1. 38.21 करोड़ से स्वामी विवेकानंद सभागार का शिलान्यास।

  2. राज्यपाल ने कृषि विविधीकरण और पशुपालन पर जोर दिया।

  3. विद्यार्थियों को जैविक खेती व नवाचार अपनाने को प्रेरित किया।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 1500 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक स्वामी विवेकानंद सभागार बनाया जाएगा। शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 38.21 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सभागार और 10.50 करोड़ रुपये की लागत वाले शापिंग कांप्लेक्स का शिलान्यास किया।

निर्माण मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। निर्माणाधीन सभागार में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, सेमिनार, प्रशिक्षण कार्यक्रम, शोध संवाद और विद्यार्थी गतिविधियां आयोजित होंगी। शापिंग कांप्लेक्स में बैंक, एटीएम, किराना व जनरल स्टोर, इलेक्ट्रॉनिक्स शाप, फूड कोर्ट, चाय-जलपान की दुकानें और पुस्तकालय सामग्री की दुकान सहित अन्य प्रतिष्ठान होंगे।

राज्यपाल ने किया निरीक्षण

राज्यपाल ने हाईटेक सब्जी पौधशाला का निरीक्षण किया। यहां फूलगोभी, ब्रोकली, शिमला मिर्च, बैंगन और टमाटर समेत विभिन्न सब्जियों की 74,600 पौध तैयार की गई हैं। इनमें 58 हजार पौध किसानों के अपने बीज से तैयार हुई हैं और 16,600 पौध किसानों को उपलब्ध कराने के लिए तैयार की गई हैं। उन्होंने उद्यान अनुसंधान केंद्र में हल्दी की वल्लभ प्रिया प्रजाति की जानकारी ली।

82589268

विद्यार्थियों से संवाद में राज्यपाल ने गेहूं, गन्ना और आलू जैसी परंपरागत फसलों के साथ फसल विविधीकरण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान खेती में नए विकल्प तलाशें, ताकि आमदनी के स्रोत बढ़ें।

लगाए गएं 310 पौधे

विश्वविद्यालय के रजत जयंती वन में उन्होंने लाल चंपा का पौधा रोपा। वन में 11 प्रजातियों के कुल 310 पौधे लगाए गए हैं। यहां अंतर्वर्ती खेती के तहत फूलगोभी, ब्रोकली, पातगोभी, चुकंदर और गाजर उगाई जा रही हैं।

कॉलेज आफ टेक्नोलॉजी में राज्यपाल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इनक्यूबेशन एवं एंटरप्रेन्योर सेंटर का भी जायजा लिया और विद्यार्थियों को नवाचार तथा उद्यमिता से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी ली। अधिष्ठाताओं, निदेशकों और विभागाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने पश्चिमी यूपी में कृषि के साथ पशुपालन बढ़ाने की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि मौसम की अनिश्चितता और अचानक बरसात से फसल को नुकसान होने पर पशुपालन किसानों की आय का अतिरिक्त साधन बन सकता है। उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान की प्रयोगशाला विकसित करने का सुझाव दिया, जिससे विद्यार्थियों और क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण मिल सके।

गांवों में जैविक खेती शुरू करें विद्यार्थी

राज्यपाल ने विद्यार्थियों की ओर से संचालित कोआपरेटिव मैस की पहल की सराहना की। उन्होंने छात्राओं से महीने में एक बार अपने हाथों से मेस में भोजन तैयार करने को कहा। विद्यार्थियों से अपने गांव में उपलब्ध थोड़ी जमीन पर जैविक खेती शुरू करने और विश्वविद्यालय से मिला तकनीकी ज्ञान परिवार व गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। इससे पौष्टिक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता और आधुनिक कृषि तकनीक का प्रसार होगा। इससे पहले कुलपति प्रो. त्रिवेणी दत्त ने राज्यपाल का स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- बाराबंकी में कस्तूरबा स्कूलों की छात्राओं के लिए 3.19 करोड़ से बनेगा हॉस्टेल, 3200 स्क्वायर फीट एरिये में निर्माण शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।