बड़ौत-सराय रोड पर बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बड़ौत-मेरठ हाईवे तक आवागमन होगा सुगम
बड़ौत-सराय रोड पर 64.54 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज बनेगा, जिससे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बड़ौत-मेरठ हाईवे और सराय तक आवागमन सुगम होगा।

बड़ौत के अमीनगर सराय रोड स्थित रेलवे फाटक। जागरण
HighLights
बड़ौत-सराय रोड पर 64 करोड़ का आरओबी स्वीकृत।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बड़ौत-मेरठ हाईवे तक सुगम आवागमन।
यातायात जाम से मुक्ति, 15 से अधिक गांवों को लाभ।
जागरण संवाददाता, बागपत। सराय रोड पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए 64 करोड़ 54 लाख 92 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। परियोजना के लिए 13 करोड़ 37 लाख रुपये अवमुक्त भी कर दिए गए हैं।
ओवरब्रिज का निर्माण हो जाने के बाद जाम की समस्या से छुटकारा मिलने के साथ ही दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बड़ौत-मेरठ स्टेट हाईवे और अमीनगर सराय कस्बे तक लोगों की राह आसान हो जाएगी।
बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहन चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग जाती है। सुबह-शाम व्यस्त समय में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
खासकर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बाईपास होकर बड़ौत-मेरठ स्टेट हाईवे और अमीनगर सराय कस्बे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। आरओबी बनने के बाद वाहनों को रेलवे फाटक पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगा।
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने परियोजना के लिए 13 करोड़ 37 लाख रुपये अवमुक्त होने की पुष्टि की। बड़ौत में इससे पहले बिजरौल रोड और बिनौली रोड स्थित रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज का निर्माण हो चुका है। अब अमीनगर सराय रोड पर आरओबी बनने से शहर के अलग-अलग मार्गों पर रेलवे क्रासिंग की वजह से होने वाली यातायात बाधा कम होगी।
कृषि मंडी तक पहुंच होगी आसान
इस परियोजना का लाभ केवल बड़ौत और अमीनगर सराय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के 15 से अधिक गांवों के लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा। ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों का आवागमन आसान होगा। कृषि उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने वाले किसानों को भी रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। वहीं एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए भी रास्ता सुगम हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।