मेरठ में 55 हजार लोगों ने की स्वगणना, प्रदेश में 38वें स्थान पर पहुंचा जनपद
मेरठ में 55 हजार से अधिक लोगों ने जनगणना पोर्टल पर अपनी स्वगणना पूरी कर ली है, जिससे जनपद प्रदेश में 38वें स्थान पर आ गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
मेरठ में 55 हजार से अधिक लोगों ने की स्वगणना।
जनगणना में मेरठ जनपद उत्तर प्रदेश में 38वें स्थान पर।
प्रगणकों के मोबाइल में जनगणना ऐप डाउनलोड कराया गया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जनगणना के दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को खुद ही जनगणना पोर्टल पर स्वगणना करके अपने परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी दर्ज करने का मौका दिया जा रहा है। जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों के जागरूकता प्रयास अब असर दिखा रहे हैं।
मेरठ जनपद में शनिवार तक 55 हजार से ज्यादा लोगों ने स्वगणना या तो पूरी कर ली थी अथवा वे इसे पूरा करने में जुटे थे। इस संख्या ने मेरठ को प्रदेश के 75 जनपदों की सूची में 38वे स्थान पर पहुंचा दिया है। पिछले दिनों जनपद की स्थिति अच्छी नहीं थी। वहीं शनिवार को टाउन हाल में नगर निगम क्षेत्र के प्रगणकों, सुपरवाइजरों, नोडल अधिकारी, फील्ड ट्रेनरों के मोबाइल में जनगणना एप डाउनलोड कराया गया।
जिला जनगणना अधिकारी जिलाधिकारी डाॅ. वी के सिंह, जिला नोडल अधिकारी एडीएम वित्त कुंवर वीरेंद्र मौर्य तथा जिला प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि स्वगणना के लिए जनपद के लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
प्रगणक भी घर घर पहुंचकर लोगों को फार्म उपलब्ध करा रहे हैं ताकि आम जनता आसानी से स्वगणना के 40 प्रश्नों का उत्तर उसमें दर्ज कर सके। शनिवार को जारी की गई प्रदेश के 75 जनपदों की स्वगणना पूरी करने वाले परिवारों की संख्या के मुताबिक मेरठ जनपद में 55 हजार से ज्यादा परिवार स्वगणना का कार्य या तो पूरा कर चुके थे अथवा वे उसमें जुटे थे।
जिला प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि जनपद की स्थिति में पिछले तीन दिनों में तेजी से सुधार आया है। शेष दो दिन में यह संख्या और ज्यादा बढ़ाई जाएगी।
एक दिसंबर से शुरू होने वाली जनगणना का संपूर्ण कार्य मोबाइल में विशेष एप के माध्यम से किया जाएगा। शनिवार को नगर निगम क्षेत्र के प्रगणक, सुपरवाइजर, नोडल अधिकारी, फील्ड ट्रेनर्स तथा अन्य लोगों की घंटाघर स्थित टाउन हाल में बैठक हुई। जिसमें जनगणना से संबंधित सभी लोगों के मोबाइल फोन में जनगणना से संबंधित आधिकारिक एप को डाउनलोड कराया गया। तकनीकी रूप से उसका सफल परीक्षण कर शुरू भी कराया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।