विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, मेरठ में पांच इंस्पेक्टरों को मिली थानेदारी
विधानसभा चुनाव से पहले मेरठ पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है, जिसमें पांच निरीक्षकों को थानों की कमान सौंपी गई है। कुछ अधिकारियों की तैनाती पर सवाल भी उठ रहे हैं, जबकि 20 निरीक्षक और उपनिरीक्षक प्रभावित हुए हैं।

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
इंस्पेक्टर नजीर अली, एसओ गौरव सिंह व एअसो मानवेंद्र सिंह की तैनाती सवालों के घेरे में
ब्रह्मपुरी, खरखौदा, सरधना, कंकरखेड़ा, देहलीगेट और परतापुर में नए थाना प्रभारी तैनात
जागरण संवाददाता, मेरठ। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर एसएसपी ने पुलिस महकमे में फेरबदल किया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पांच निरीक्षकों को थानों की कमान सौंपी गई। कई थाना प्रभारियों को हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई। इस फेरबदल में 20 निरीक्षक और उपनिरीक्षक शामिल हैं।
निरीक्षक जितेंद्र कुमार को पुलिस लाइन से खरखौदा थाना प्रभारी बनाया गया है। हापुड़ से आए अखिलेश कुमार त्रिपाठी को सरधना थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विनोद कुमार अत्री को अपराध शाखा से देहलीगेट, इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से कंकरखेड़ा और इंस्पेक्टर महेंद्र पाल को पुलिस लाइन से परतापुर थाना प्रभारी बनाया गया है।
वहीं, सरधना थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा, कंकरखेड़ा थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह और साइबर थाना प्रभारी हरिओम सिंह का स्थानांतरण बाहर के जनपदों में हो चुका है। पहले भी मेरठ के लिसाड़ीगेट समेत कई थानों के प्रभारी नजीर अली को साइबर थाने का प्रभारी बनाया गया। हापुड़ में साइबर थाने का प्रभारी रहते हुए नजीर अली पर कई गंभीर आरोप लगे थे। उससे भी हैरत की बात है कि दोबारा से फिर नजीर अली जनपद में आ गए। उनकी तैनाती सवाल कड़ा कर रही है।
कचहरी सुरक्षा प्रभारी अजय पंवार को भी पुलिस लाइन भेजा गया है। खरखौदा थाना प्रभारी अजय अवाना को ब्रह्मपुरी थाने की कमान सौंपी गई है। ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश कांबोज को जनशिकायत प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। राजेश कांबोज के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इंचौली थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह को फलावदा और फलावदा थाना प्रभारी गौरव सिंह को इंचौली भेजा गया है।गौरव सिंह को मेडिकल से सस्पेंड किया था। उनके सामने ही विधायक सोमेंद्र तोमर का नाम लेकर व्यापारी से सड़क पर नाक रगड़वाई गई थी। यह मामला काफी चर्चा में रहा था।
देहलीगेट थाना प्रभारी राहुल कुमार को आइजीआरएस शाखा का प्रभारी बनाया गया है। दो माह पहले ही राहुल को पीवीएस चौकी से देहलीगेट भेजा गया था। परतापुर के एसओ मानवेंद्र सिंह की तीन माह में तीसरी तैनाती है। अब परतापुर से लालकुर्ती भेजा गया है। लगातार उनके स्थानांतरण को लेकर भी महकमे में चर्चा है। लालकुर्ती थाना प्रभारी विजय कुमार को सदर बाजार और सदर बाजार थाना प्रभारी रामप्रकाश को कचहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा लोकेश प्रताप को सिविल लाइन से रोहटा और अजय यादव को सरधना से जानी थाने में तैनात किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।