नमो भारत के यात्री ध्यान दें... CJP प्रदर्शन के चलते सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन आज रात से बंद
दिल्ली में CJP प्रदर्शन के कारण सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन आज रात से 10 ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
9 अक्टूबर रात 9 बजे से 10 अक्टूबर को रात 10 बजे तक दो स्टेशन रहेंगे बंद।
मेरठ से सफर करने वालों पर पड़ेगा असर, ढूंढना पड़ेगा विकल्प।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ से दिल्ली आने-जाने वाले नमो भारत यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दिल्ली में काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के मद्देनजर सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन शुक्रवार रात 9 बजे से 10 अक्टूबर 2026 की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे।
इस अवधि में यात्री इन दोनों स्टेशनों का इस्तेमाल नमो भारत ट्रेन में चढ़ने या उतरने के लिए नहीं कर सकेंगे। ऐसे में दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने सफर की योजना बनाते समय विशेष ध्यान देने की जरूरत है। हालांकि, मेरठ के यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि आनंद विहार तक नमो भारत ट्रेन सेवाएं निर्धारित समय के अनुसार जारी रहेंगी।
मेरठ और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए सबसे अहम बात यह है कि नमो भारत ट्रेन का संचालन पूरी तरह बंद नहीं होगा। आनंद विहार (दिल्ली) से मोदीपुरम (मेरठ) के बीच ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलती रहेंगी। ऐसे में मेरठ से नमो भारत के जरिए यात्रा करने वाले यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि, जिन यात्रियों को सराय काले खां या न्यू अशोक नगर स्टेशन पर उतरना है अथवा वहां से अपनी यात्रा शुरू करनी है, उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।
दिल्ली जाने से पहले जरूर रखें ध्यान
अगर आप मेरठ से दिल्ली किसी काम, नौकरी, पढ़ाई या अन्य जरूरी कार्य के लिए जा रहे हैं, तो यात्रा शुरू करने से पहले यह जरूर देख लें कि आपको किस स्टेशन पर उतरना है। दोनों स्टेशनों के बंद रहने के दौरान अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे परिवहन विकल्पों की जानकारी पहले से जुटा लें, ताकि रास्ते में परेशानी न हो।
यात्रियों से की गई अपील
यात्रियों को इस परिवर्तन के लिए एनसीआरटीसी ने नमो भारत एप पर भी सूचना अलर्ट अपडेट किया है। इसके साथ ही स्टेशन व ट्रेन में भी सूचना प्रसारित की जा रही है।
