Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Namo Bharat: आनंद विहार से मेरठ साउथ तक सेवा शुरू, शहर के अंदर कब होगी एंट्री? पढ़िए कितना पूरा हो गया काम

    Updated: Sun, 05 Jan 2025 04:13 PM (IST)

    मेरठ के भूड़बराल स्टेशन से दिल्ली के न्यू अशोक नगर और आनंद विहार तक नमो भारत ट्रेन सेवा आज से शुरू हो रही है। मार्च 2025 तक शताब्दीनगर से संचालन शुरू होने और जून तक पूरे 82 किमी कॉरिडोर पर सेवा चालू होने का लक्ष्य है। स्टेशन और ट्रैक कार्य तेजी से अंतिम चरण में है। भूमिगत सुरंग और मेट्रो स्टेशन के काम भी प्रगति पर हैं।

    Hero Image
    आनंद विहार से मेरठ साउथ तक सेवा शुरू

    जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली के न्यू अशोक नगर व आनंद विहार तक आज मेरठ के मेरठ साउथ यानी भूड़बराल स्टेशन से नमो भारत ट्रेन की सेवा शुरू हो जाएगी। इसके साथ चर्चा शुरू हो गई है कि शहर के बाकी स्टेशनों से संचालन कब से शुरू होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अपुष्ट स्रोतों से जानकारी मिली है कि शनिवार रात को मेरठ में मेरठ साउथ से लेकर ब्रह्मपुरी स्टेशन तक इलेक्ट्रिक लाइन का विद्युत परीक्षण शुरू किया गया है। ऐसे में अब नमो भारत ट्रेन का ट्रायल शताब्दीनगर (दैनिक जागरण चौराहा) तक व मेरठ मेट्रो का ट्रायल ब्रह्मपुरी तक कभी भी शुरू किया जा सकता है।

    राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) का पूरे 82 किमी लंबे कारिडोर सराय काले खां से मोदीपुरम तक पर ट्रेन संचालन का लक्ष्य जून 2025 तक है। इसी के अंतर्गत संभावना जताई जा रही है कि मार्च तक शताब्दीनगर स्टेशन से नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। वहीं, जून तक बाकी हिस्से पर नमो भारत व मेरठ मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा।

    यह है काम की स्थिति

    • भूड़बराल से शताब्दीनगर : भूड़बराल के बाद परतापुर, रिठानी व शताब्दीनगर स्टेशन हैं। इनका अधिकांश महत्वपूर्ण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। एक तरफ से प्रवेश व निकास के लिए द्वार निर्माण भी अंतिम चरण में है। पार्किंग स्थल व लिफ्ट स्थापना का कार्य भी तेजी से जारी है।

    इन तीनों स्टेशनों का कार्य जनवरी तक पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया था। उम्मीद है कि जब तक इस हिस्से पर नमो भारत ट्रेन का ट्रायल अंतिम चरण में पहुंचेगा, तब तक स्टेशनों का समस्त कार्य पूर्ण हो जाएगा। पटरी बिछाने के बाद विद्युत लाइन में बिजली छोड़कर परीक्षण शुरू कर दिया गया है।

    • ब्रह्मपुरी : इस स्टेशन के बाद बेगमपुल की तरफ भूमिगत कारिडोर शुरू होता है। यह स्टेशन मेरठ मेट्रो के लिए बनाया जा रहा है। इसका भी कार्य मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। स्टेशन का अधिकांश कार्य अंतिम चरण में है। पटरी बिछाने के बाद विद्युत लाइन में बिजली छोड़कर परीक्षण शुरू कर दिया गया है।
    • भूमिगत हिस्सा : लगभग पांच किलोमीटर हिस्सा भूमिगत है। इसमें 3.50 किमी लंबी सुरंग और तीन स्टेशन (मेरठ सेंट्रल, भैंसाली और बेगमपुल) हैं। ट्रैक बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के बाद रामलीला मैदान (मारुति शोरूम) से बेगमपुल स्टेशन के बाद टैंक चौराहे (एमईएस रैंप) तक भूमिगत सुरंग बनाई गई है। यह हिस्सा दोनों ओर से एलिवेटेड वायाडक्ट के रैंप से जुड़ चुका है।

    मेरठ सेंट्रल में चार ट्रैक बनाए जा रहे हैं। इनमें से किनारे के दोनों ट्रैक नमो भारत ट्रेन के निकलने के लिए होंगे, जबकि प्लेटफार्म के दोनों ओर के ट्रैक मेरठ मेट्रो के रुकने के लिए होंगे। दो प्रवेश/निकास द्वार बनाए जा रहे हैं। भैंसाली स्टेशन में तीन प्रवेश/निकास द्वार बनाए जा रहे हैं।

    इस स्टेशन पर भी चार ट्रैक बनाए गए हैं, जिनमें से दो नमो भारत और बाकी मेट्रो ट्रेन के लिए होंगे। सीढ़ियों और लिफ्ट के लिए काम जारी है। बेगमपुल स्टेशन पर दो ट्रैक हैं। सिग्नल की मदद से एक ही प्लेटफार्म पर बारी-बारी से दोनों ट्रेनें रोकी जाएंगी। यहां चार प्रवेश-निकास द्वार बनाए जा रहे हैं।