विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगमपुल चौराहे का बदलेगा स्वरूप, नया डिजाइन आया सामने, 9 करोड़ से कायाकल्प, जाम से मिलेगी स्थायी राहत

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:30 AM (IST)

मेरठ के बेगमपुल चौराहे (अब भारत माता चौक) का 9 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा, जिससे जाम से स्थायी मुक्ति मिलेगी और सुंदरता बढ़ेगी।  

आधुनिक डिजाइन में ऐसा दिखेगा बेगमपुल चौराहे का लुक। सौ. निगम

आधुनिक डिजाइन में ऐसा दिखेगा बेगमपुल चौराहे का लुक। सौ. निगम

HighLights

  1. 9 करोड़ से बेगमपुल चौराहे का होगा आधुनिक कायाकल्प।

  2. जाम से मिलेगी स्थायी मुक्ति, यातायात होगा सुगम।

  3. आधुनिक डिजाइन में यू-टर्न, फ्री लेफ्ट टर्न शामिल।

दिलीप पटेल, मेरठ। बेगमपुल चौराहा, जो अब भारत माता चौक के नाम से जाना जाता है। शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों में शामिल इस चौराहे से लेकर जीरो माइल तक के पूरे क्षेत्र का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। नगर निगम ने करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से चौराहे की दशा सुधारने की तैयारी की है। इसका आधुनिक डिजाइन भी सामने आ गया है। यदि डिजाइन के अनुसार चौराहे का कायाकल्प हुआ तो न केवल सुंदरता बढ़ेगी बल्कि जाम से स्थायी मुक्ति मिल सकेगी।

बाजार क्षेत्रों से घिरा है यह चौराहा

बेगमपुल चौराहा चारों तरफ से बाजार क्षेत्रों से घिरा है। आबूलेन, बांबे बाजार, सदर बाजार, लालकुर्ती बाजार, बेगमपुल रोड और पीएल शर्मा रोड बाजार हैं। सभी बाजारों को जाने वाले रास्ते इस चौराहे से जुड़े हैं। लाइफ लाइन कही जाने वाली दिल्ली रोड का ही नहीं, शहर का सबसे व्यस्ततम चौराहा है।

नई डिजाइन में ऐसी है व्यवस्था

  • वाहन चालकों को यू-टर्न लेने के लिए बार-बार ब्रेक नहीं लगाने पड़ेंगे। यू आकार में घुमाव होंगे। चौराहे से जुड़े सभी रास्तों पर फ्री लेफ्ट टर्न रहेंगे। इससे चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होगा और निर्बाध यातायात सुनिश्चित हो सकेगा।
  • शून्य ब्लैक स्पाट के साथ आटोमेटिकल सिग्नल प्रणाली से चौराहा संचालित होगा। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। चौराहा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जुड़ेगा। चौराहे का पुलिस बूथ हट जाएगा। आनलाइन निगरानी होगी।
  • पैदल यात्रियों की सुरक्षा का भी इस प्रोजेक्ट में ध्यान रखा गया है। इसके लिए चौराहे पर रेज्ड पेडेस्ट्रियन क्रासिंग (पैदल पार पथ) बनाई जाएगी। जिससे पैदल चलने वाले लोग सुरक्षित रूप से सड़क पार कर सकें और वाहनों की गति भी नियंत्रित रहे।
  • बेगमपुल नमो भारत- मेट्रो स्टेशन के पास व्यवस्थित लेन होगी। जो सवारी चढ़ाने और उतारने के लिए होगी। बसें यहीं रुकेंगी। इसके पास ही ई-रिक्शा व आटो के लिए भी स्थान होगा। इससे सड़क किनारे बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों पर लगाम लगेगी।
  • सड़क व चौराहे पर जलनिकासी की भूमिगत निकासी रहेगी। रोटरी मुक्त फ्लैट डिवाइडर बनाए जाएंगे। जिन पर पौधे भी लगाए जाएंगे। चौराहा विज्ञापन पटों से मुक्त और बिजली लाइन भूमिगत रहेगी।

इनका कहना है-

नगर निगम बोर्ड बैठक में बेगमपुल चौराहे का नाम भारत माता चौक करने के साथ इसके कायाकल्प का प्रस्ताव पास किया गया था। इसकी डिजाइन तैयार हो गई है। एक साल के भीतर इस चौराहे की दशा बदल जाएगी। सुगम, सुरक्षित यातायात, ई-रिक्शा, बसों में चढ़ने-उतरने के लिए लेन तय होगी। बिना अवरोध के सभी रास्तों में आसानी से आ-जा सकेंगे। ऐसी डिजाइन तैयार कराई गई है। निगम अधिकारियों को जल्द निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।

-हरिकांत अहलूवालिया, महापौर

बेगमपुल चौराहे से जीरोमाइल तक कायाकल्प होना है। अर्बन मास ट्रांजिट कंपनी ने डिजाइन तैयार कर दी है। इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया में हैं। 15 दिसंबर तक एजेंसी का चयन कर निर्माण कार्य शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है।

-प्रमोद कुमार सिंह, मुख्य अभियंता नगर निगम

यह भी पढ़ें- MH मेरठ में 'ऑपरेशन दृष्टि' शुरू, 9 जिलों के पूर्व सैनिकों व आश्रितों की आंखों की बीमारियों के मुफ्त इलाज की सुविधा

यह भी पढ़ें- मेरठ पुलिस ने लौटाए 221 खोए मोबाइल, एसएसपी ने सौंपा तो खुशी से खिल उठे मालिकों के चेहरे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।