विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MH मेरठ में 'ऑपरेशन दृष्टि' शुरू, 9 जिलों के पूर्व सैनिकों व आश्रितों की आंखों की बीमारियों के मुफ्त इलाज की सुविधा

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 21 Nov 2026 02:25 PM (IST)

भारतीय सेना ने मेरठ के मिलिट्री हॉस्पिटल में 'ऑपरेशन दृष्टि' मेगा नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर शुरू किया है। यह शिविर पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए मोतियाबिंद, ग्लूकोमा व रेटिना संबंधी बीमारियों का मुफ्त उपचार प्रदान करेगा।

मिलिट्री हॉस्पिटल मेरठ में मेगा नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारंभ करते पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सुमित राणा, साथ हैं मिलिट्री हास्पिटल के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह, वरिष्ठ कॉडियोलाेजिस्ट डाॅ .राजीव अग्रवाल व अन्य।

मिलिट्री हॉस्पिटल मेरठ में मेगा नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारंभ करते पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सुमित राणा, साथ हैं मिलिट्री हास्पिटल के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह, वरिष्ठ कॉडियोलाेजिस्ट डाॅ .राजीव अग्रवाल व अन्य।

HighLights

  1. 21 से 25 नवंबर तक चलेगा अभियान, नौ जिलों के 3000 से अधिक लोगों की हुई स्क्रीनिंग।

  2. पूर्व सैनिकों, वीर नारियों सहित सिविल के जरूरतमंद लोगों को भी मिलेगा इस कैंप का लाभ।

जागरण संवाददाता, मेरठ। भारतीय सेना ने पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को मिलिट्री हास्पिटल मेरठ में पांच दिवसीय मेगा नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर 'आपरेशन दृष्टि' का शुभारंभ किया। मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को शिविर में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

सूर्य कमान के तत्वावधान में आर्मी हास्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), नई दिल्ली और मिलिट्री हास्पिटल मेरठ के सहयोग से आयोजित इस शिविर में हर दिन करीब 100 नेत्र आपरेशन करने का लक्ष्य रखा गया है। 25 नवंबर तक चलने वाले इस शिविर में कुल 300 से 400 मरीजों की सर्जरी प्रस्तावित है। इसमें मोतियाबिंद के आपरेशन के साथ ग्लूकोमा और रेटिना संबंधी बीमारियों की जांच एवं उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

शिविर का उद्घाटन पश्चिमी उत्तर प्रदेश सब एरिया के जनरल आफिसर कमांडिंग मेजर जनरल सुमित राणा ने किया। इस अवसर पर मिलिट्री हास्पिटल मेरठ के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ कॉडियोलाेजिस्ट डाॅ. राजीव अग्रवाल, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी और पूर्व सैनिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल अर्चना के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ सरस्वती वंदना और दीपगीत प्रस्तुत किया।

'प्रथम नमन ये दीपक ज्योति, सृष्टि तुझसे जगमग होती', 'मधुर-मधुर मेरे दीपक जल, जीवन का पथ आलोकित कर' की पंक्तियों के माध्यम से रोशनी के महत्व को रेखांकित किया गया। जीओसी ने शिविर के लिए तैयार आईसीयू का उद्घाटन करने के साथ ही नए एम्बुलेंस की पूजा कर अस्पताल को समर्पित किया। इसके साथ ही जीओसी ने एम्बुलेंस को अस्पताल परिसर में खुद चलकर देखा भी। उनके सत्य कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह बैठे।

मेजर जनरल सुमित राणा ने कहा कि दृष्टि मनुष्य की पांचों इंद्रियों में सबसे महत्वपूर्ण है। आंखों की रोशनी व्यक्ति को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाए रखती है। आपरेशन दृष्टि केवल एक चिकित्सा शिविर नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण प्रयास है। आर्मी हास्पिटल आरएंडआर की विशेषज्ञ टीम और मेरठ मिलिट्री हास्पिटल के चिकित्सकों का यह संयुक्त प्रयास जरूरतमंदों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक, आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा उपकरणों के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह में मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बिजनौर और बुलंदशहर आदि जिलों के तीन हजार से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई है। जांच में सामने आई समस्याओं के आधार पर मरीजों को आपरेशन के लिए चयनित किया गया है। शिविर में लगभग 300 से 400 नेत्र आपरेशन किए जाएंगे। उन्होंने चिकित्सा टीम को इस चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अगले तीन से चार दिन चिकित्सकों के लिए काफी व्यस्त रहेंगे। मरीजों को आपरेशन के बाद भी बेहतर देखभाल उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण होगा।

पूर्व सैनिकों की सेवा सेना का नैतिक दायित्व

मिलिट्री हास्पिटल मेरठ के कमांडेंट ब्रिगेडियर सीपी सिंह ने कहा कि भारतीय सेना का अपने सैनिकों के प्रति दायित्व उनकी सेवानिवृत्ति के साथ समाप्त नहीं होता। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की देखभाल करना सेना का नैतिक और संस्थागत दायित्व है। इसी भावना के साथ पड़ोसी जिलों के जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी इस शिविर में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि मोतियाबिंद सहित कई नेत्र रोगों का समय पर उपचार संभव है। एक सफल आपरेशन केवल आंखों की रोशनी ही नहीं लौटाता, बल्कि बुजुर्गों का आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और जीवन की खुशियां भी वापस लाता है।

उन्होंने कहा कि नेत्र शल्य चिकित्सा में विशेषज्ञता, सावधानी, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आपरेशन के बाद दवाइयों, परामर्श और नियमित फालोअप का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। मरीजों और उनके परिजनों को चिकित्सकों के निर्देशों का पालन करना चाहिए।

12 संस्करणों में 1.70 लाख से अधिक लोगों को लाभ

आपरेशन दृष्टि का यह 13वां संस्करण है। पिछले 12 संस्करणों के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित शिविरों के माध्यम से 1.70 लाख से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की जा चुकी है, जबकि 3850 से अधिक सफल आपरेशन किए गए हैं। इस बार भी पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले जरूरतमंद नागरिकों को निशुल्क जांच, परामर्श, आवश्यक जांच, आपरेशन और आपरेशन के बाद देखभाल की सुविधा दी जा रही है।

शिविर का उद्देश्य मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और रेटिना संबंधी बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार करना है। सेना की यह पहल 'तमसो मा ज्योतिर्गमय' अर्थात अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने के संदेश को साकार कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।