मेरठ पुलिस ने लौटाए 221 खोए मोबाइल, एसएसपी ने सौंपा तो खुशी से खिल उठे मालिकों के चेहरे
मेरठ पुलिस ने सीईआइआर पोर्टल की सहायता से 52 लाख रुपये के 221 खोए मोबाइल बरामद किए। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने इन मोबाइलों को उनके मालिकों को सौंपकर खुशी लौटाई।

सर्विलांस पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन मालिकों को सौंपते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति। जागरण
HighLights
मेरठ पुलिस ने 221 खोए मोबाइल फोन बरामद किए।
सीईआइआर पोर्टल की मदद से मोबाइल ढूंढे गए।
एसएसपी ने मालिकों को मोबाइल सौंपकर खुशी लौटाई।
जागरण संवाददाता, मेरठ। किसी का मोबाइल कई महीने पहले गुम हुआ था, तो किसी ने उसे मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी। हालांकि, गुरुवार को पुलिस लाइन में खोया हुआ मोबाइल मिला तो चेहरे खुशी से खिल उठे। सुबह 11 बजे से ही पुलिस लाइन में मोबाइल लेने वालों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। लोगों ने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का धन्यवाद करते हुए मेरठ पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस ने सीईआइआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से करीब 52 लाख रुपये की कीमत के 221 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए। गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सभी मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे।
मोबाइल पाकर लोगों ने राहत की सांस ली। किसी के मोबाइल में जरूरी संपर्क और महत्वपूर्ण जानकारियां थीं तो किसी के लिए फोन आर्थिक रूप से कीमती था। मोबाइल मिलने पर लोगों ने पुलिस अधिकारियों और उनकी टीम का आभार जताया। मेरठ के अलावा दूसरे जिलों और विभिन्न राज्यों से भी मोबाइल बरामद किए गए।
सर्विलांस सेल ने सबसे ज्यादा 78 मोबाइल तलाशे
221 मोबाइल में से सर्विलांस सेल ने सबसे अधिक 78 मोबाइल बरामद किए। लिसाड़ी गेट से 27 व कंकरखेड़ा से 12 मोबाइल मिले। लोहियानगर व जानी से आठ-आठ, परतापुर व मुंडाली से सात-सात, लालकुर्ती, मेडिकल, भावनपुर व खरखौदा से पांच-पांच मोबाइल बरामद हुए।
टीपीनगर, सदर बाजार, सिविल लाइन, ब्रह्मपुरी, दौराला, इंचौली व बहसूमा से चार-चार मोबाइल मिले। किठौर, सरधना, मवाना और देहली गेट से तीन-तीन, रेलवे रोड, नौचंदी, पल्लवपुरम, परीक्षितगढ़, सरूरपुर व हस्तिनापुर से दो-दो और कोतवाली, गंगानगर व रोहटा से एक-एक मोबाइल बरामद किया गया।
मोबाइल बरामद पर चोर कहां है?
221 मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई काबिले तारीफ है, पर मोबाइल चोरी करने वाले आरोपितों को पुलिस ने क्यों नहीं पकड़ा? के ब्लाक निवासी इमरान का मोबाइल घर के गेट से 25 अगस्त को चोरी हुआ था। मोबाइल तो मिल गया है, पर चोरी करने वाला आरोपित नहीं मिला।
साकेत में एलआइसी पंप के पास किराना की दुकान करने वाले गौरव का मोबाइल भी 25 दिसंबर को चोरी हुआ था। नीचा सद्दीक नगर के साहजेब का मोबाइल प्रहलादनगर में दो साल पहले जेब से निकाल लिया था। इसी तरह से पुलिस लाइन में काफी लोग मौजूद थे, जिनके मोबाइल चोरी हुए, पर थानों में गुमशुदगी दर्ज हुई।
अब मोबाइल तो मिल गया है, पर चोरी करने वाले आरोपित अभी भी नहीं मिल सकें। मोबाइल स्वामियों ने यहां तक आरोप लगाया कि थानों ने ही उक्त चोरी करने वालों को छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- MH मेरठ में 'ऑपरेशन दृष्टि' शुरू, 9 जिलों के पूर्व सैनिकों व आश्रितों की आंखों की बीमारियों के मुफ्त इलाज की सुविधा
यह भी पढ़ें- कैश की जगह डिजिटल भुगतान का कमाल: स्वनिधि योजना में मेरठ नगर निगम देश में नंबर वन, गाजियाबाद दूसरे स्थान पर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।