Mango Festival 2025: इस जिले के आम को मिला पहला स्थान, जाफरान जैसी खुशबू और हल्का लाल-पीला रंग है खासियत
लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव में मेरठ के जाफरान आम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ किया। मेरठ जिले से 33 प्रजातियों के आम प्रदर्शित किए गए जिनमें गुलाब जामुन और दशहरी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने स्टालों का निरीक्षण किया। जाफरान आम अपनी विशेष खुशबू और रंग के लिए जाना जाता है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। लखनऊ में आयोजित आम महोत्सव 2025 में मेरठ जिले के जाफरान प्रजाति के आम को प्रथम स्थान मिला है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम महोत्सव का शुभारंभ किया। यह तीन दिवसीय आयोजन है।
जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि जिले से लगभग 33 प्रजातियों को स्टाल पर आम महोत्सव में प्रदर्शित किया गया। इसमें मुख्य रूप से गुलाब जामुन, दशहरी, लंगड़ा, चौसा, रामकेला, तोतापरी, अरूणिमा, गुलाब खास, पूसा श्रेष्ठ, लालिमा, फजली, मलिका, जाफरान, आमन नफीस, हाथी चिंघाड़, नजीर पसंद, अलफान्जो, रटौल, रटून, कंचन, मलिका नूरजहां, हुस्न आरा, माल्दा समेत 35 प्रजाति शामिल रही।
आम महोत्सव के पहले दिन आम की प्रजातियों का आंकलन किया गया। मुख्यमंत्री के साथ उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, बलदेव सिंह औलख ने क्रमवार सभी स्टाल पर पहुंचकर आम की जानकारी ली और अवलोकन किया।
इसमें मेरठ के स्टाल पर जाफरान श्रेणी में प्रथम स्थान मिला। जाफरान आम को किठौर क्षेत्र के शाहजहांपुर कस्बा निवासी बागवान मुस्तफीस खान, नफीस नर्सरी के यहां से ले जाया गया था।
नफीस ने बताया कि जाफरान किस्म के आम की विशेषता है कि इस फल में जाफरान जैसी खुशबू आती है। इसका रंग हल्का लाल व पीला रहता है। इसका रंग व खुशबू लोगों को आकर्षित करती है। जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार के अलावा उप निदेशक उद्यान डा. विनीत कुमार, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक संजय सिंह, उद्यान निरीक्षक लविन त्यागी महोत्सव के लिए 35 प्रजातियों के आम लेकर लखनऊ रवाना हुए थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।