SSP के पास पहुंचा एक अनजान लेटर, ऐसा क्या लिखा था जो पढ़ते ही देर रात 11 पुलिसकर्मियों को कर दिया लाइन हाजिर
मेरठ के परतापुर थाने में भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने 11 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है जिनमें छह मुख्य आरक्षी पांच आरक्षी और एक महिला मुख्य आरक्षी शामिल हैं। अज्ञात पत्र में वसूली के आरोपों के बाद एसपी सिटी ने जांच की जिसमें आरोप सही पाए गए। एसएसपी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने भ्रष्टाचार की शिकायत पर परतापुर थाने के 11 पुलिसकर्मियों को बुधवार देर रात लाइन हाजिर कर दिया है। इनमें छह मुख्य आरक्षी, पांच आरक्षी व एक महिला मुख्य आरक्षी शामिल है। एक साथ इतनी संख्या में पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने से महकमे में सनसनी फैल गई है।
एसएसपी ने बताया, लगातार वसूली व भ्रष्टाचार की शिकायत पर इन पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेजा गया है। एसएसपी डा. विपिन ताडा ने बताया, हाल ही में एक अज्ञात पत्र प्राप्त हुआ। इसमें कुछ साक्ष्यों के साथ पुलिसकर्मियों की एक सूची भेजी गई थी।
इसमें आरोप लगाया गया था कि सूची में शामिल पुलिसकर्मी डराकर लोगों से वसूली कर रहे हैं। सुबह से शाम तक लोगों को धमकाकर जबरन वसूली की जा रही है। उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। इसके काफी साक्ष्य भी पत्र के साथ आए थे।
शिकायत को गंभीरता से लिया गया। उसकी जांच एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह को सौंपी गई। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए।
एसपी सिटी की रिपोर्ट के आधार पर देर रात परतापुर थाने के मुख्य आरक्षी अंकित कुमार, मुख्य आरक्षी सुखराज सिंह, मुख्य आरक्षी कृष्ण कुमार, मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, मुख्य आरक्षी सतीश अत्री, मुख्य आरक्षी अमित कुमार, आरक्षी अजय भारद्वाज, मोहित कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, मुकेश कुमार व महिला मुख्य आरक्षी पूजा को लाइन हाजिर कर दिया है।
एसएसपी ने बताया सभी के खिलाफ जांच जारी है। सभी को तत्काल पुलिस लाइन में आमद कराने का आदेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार व डराकर वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।