विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में इंसान बने 'बंदर'! खौफ में जी रहे लोगों ने चेहरे पर बंदर का मुखौटा लगाकर कलक्ट्रेट पर किया अनोखा प्रदर्शन

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 07 Oct 2026 02:58 PM (IST)

Meerut News: मेरठ की फूलबाग और नेहरू नगर कॉलोनी में बंदरों के आतंक से परेशान निवासियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

HighLights

  1. मेरठ में बंदरों के आतंक से लोग परेशान।

  2. नगर निगम और वन विभाग से समाधान की मांग।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर की फूलबाग और नेहरू नगर कालोनी में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बंदरों के उत्पात और प्रशासन की अनदेखी से नाराज लोगों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। चेहरे पर बंदर का मुखौटा पहनकर सीधे कलक्ट्रेट पहुंचे और नगर निगम व वन विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

यह प्रदर्शन क्षेत्रीय पार्षद रेखा सिंह और पूर्व पार्षद नीरज सिंह के नेतृत्व में हुआ। बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द राहत दिलाने की मांग की। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का खौफ इस कदर फैल चुका है कि बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

आए दिन बंदरो का झुंड सड़क पर आ जाता है। रास्ता रोक देता है। कई लोगों को काट चुके हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने तंज कसते हुए कहा कि बंदरों से बचाओ, वरना अब काॅलोनी में इंसान नहीं, सिर्फ बंदर ही नजर आएंगे। विरोध के दौरान यह बात भी सामने आई कि नगर निगम और वन विभाग की आपसी खींचतान के कारण समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं मेरठ के गांव की प्रधान ऋचा, जो KBC में बिग बी के सामने खेलेंगी गेम; दैनिक जागरण से मिला था 'यशस्वी प्रधान' सम्मान  

स्थान तय न होने की वजह से नगर निगम बंदरों को पकड़ने से हाथ खड़े कर देता है, वहीं वन विभाग यह तय नहीं कर पा रहा है कि पकड़ने के बाद बंदरों को किस जंगल में छोड़ने की अनुमति दी जाए।

अधिकारियों के इस ढुलमुल रवैये के कारण जनता पिस रही है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि दोनों विभाग आपस में समन्वय बनाकर बंदरों को छोड़ने का स्थान तुरंत तय करें और जल्द से जल्द बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू किया जाए।

यह भी पढ़ें- नमो भारत में पार्सल सेवा शुरू करने की तैयारी, मेरठ के व्यापारियों व ग्राहकों के लिए दिल्ली से पार्सल मंगाना होगा आसान  

यह भी पढ़ें- BCCI U-19 ट्रॉफी: मेरठ की ज्योति और रिया UP की टीम में, लिस्ट में नाम न होने पर भी साथ गई ज्योति की जुड़वा बहन