BCCI U-19 ट्रॉफी: मेरठ की ज्योति और रिया UP की टीम में, लिस्ट में नाम न होने पर भी साथ गई ज्योति की जुड़वा बहन
BCCI T20 Women's Trophy: मेरठ की रिया भाटी और ज्योति बालियान का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम ...और पढ़ें

ज्योति बालियान और रिया
HighLights
प्रदेश की 16 सदस्यीय टीम का हिस्सा बनकर मुंबई पहुंची दोनों खिलाड़ी।
रिया आक्रामक बल्लेबाज, ज्योति तेज गेंदबाज और उपयोगी बल्लेबाज।
जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश की महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम में जिले की युवा प्रतिभाओं ने अपनी जगह बनाकर मान बढ़ाया है। रिया भाटी और ज्योति बालियान का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-19 महिला टीम में हुआ है। दोनों बीसीसीआई की अंडर-19 टी-20 वूमेंस ट्राफी मेंखेलने के लिए मुंबई पहुंच चुकी हैं। ज्योति की जुड़वा बहन जान्हवी बालियान भी टीम के साथ मुंबई पहुंची हैं। हालांकि यूपीसीए की ओर से जारी 16 खिलाड़ियों के स्क्वाड में उनका नाम नहीं है।
रिया भाटी बाएं हाथ की आक्रामक बल्लेबाज हैं और दबाव की स्थिति में तेजी से रन बनाने के लिए जानी जाती हैं। रिया पिछले करीब चार पांच से जीसीए क्रिकेट अकादमी में नियमित अभ्यास कर रही हैं। उन्हें कोच यजुवेंद्र कृष्णार्थी और दीपक कुमार का मार्गदर्शन मिल रहा है। रिया के पिता सोनू भाटी भी उनकी क्रिकेट यात्रा में लगातार सहयोग कर रहे हैं। रिया इससे पहले अंडर-19 जोनल क्रिकेट अकादमी (ZCA) के सेंटर आफ एक्सीलेंस से भी प्रशिक्षण ले चुकी हैं।
भारतीय अंडर-19 टीम के लिए होने वाले जोनल कैंप बीसीसीआई के सेंटर आफ एक्सीलेंस बेंगलुरु में आयोजित हुए थे। यहां से खिलाड़ियों के भारतीय अंडर-19 टीम के चयन की राह खुलती है।
यूपीसीए की टीम में रही हैं जान्हवी
ज्योति बालियान भी उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टी-20 टीम में नौ अक्टूबर को मुंबई में बिहार के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। उत्तर प्रदेश की टीम को आगे पंजाब, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और आंध्र प्रदेश के खिलाफ भी मुकाबले खेलने हैं। ज्योति राइट आर्म मीडियम फास्ट गेंदबाज होने के साथ बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं। उनकी जुड़वां बहन जान्हवी बालियान भी क्रिकेट में सक्रिय हैं और दोनों बहनों ने अंडर-19 स्तर पर खेलती हैं।
जान्हवी लगातार यूपीसीए की टीम में रही हैं। मंगलवार को जारी टीम सूची में उनका नाम नही है लेकिन वह टीम के साथ मुंबई पहुंची हैं। रिया और ज्योति का चयन एक साथ भी टीम में हो चुका है। दोनों खिलाड़ियों ने कम उम्र में राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
