नमो भारत में पार्सल सेवा शुरू करने की तैयारी, मेरठ के व्यापारियों व ग्राहकों के लिए दिल्ली से पार्सल मंगाना होगा आसान
Namo Bharat parcel service: नमो भारत ट्रेन जल्द ही पार्सल सेवा शुरू कर सकती है, जिसके लिए एनसीआरटीसी ने ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड के साथ समझौता किया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
एनसीआरटीसी ने ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड के साथ किया समझौता।
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर पार्सल सेवा की संभावनाओं का होगा अध्ययन।
जागरण संवाददाता, मेरठ। अगर एनसीआरटीसी का प्रयास धरातल पर उतरा तो व्यापारियों और ग्राहकों के लिए दिल्ली से कोई भी पार्सल मंगाना अब आसान हो जाएगा। यह होगा नमो भारत ट्रेन की पार्सल सेवा शुरू होने से। एनसीआरटीसी ने ब्लू डार्ट एक्सप्रेस लिमिटेड के साथ समझौता किया है। यह कंपनी पूरे कारिडोर पर अध्ययन करेगी।
इसके तहत यह संभावना तलाशेगी कि क्या इस कारिडोर पर पार्सल सेवा शुरू की जा सकती है। कितने पार्सल प्रतिदिन बुक हो सकते हैं। मेरठ व दिल्ली के बीच सामान की आवाजाही के लिए वर्तमान परिवहन सेवा क्या-क्या हैं। पार्सल की बुकिंग और डिलीवरी स्टेशनों पर की जा सकेगी या फिर दुहाई और मोदीपुरम डिपो से ही करना पड़ेगा।
दरअसल, वर्तमान में सिर्फ डिपो से ही इस तरह के व्यवसाय के लिए योजना बनाई गई थी। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल व डीएचएल ई-कामर्स डिवीजन के सीईओ पाब्लो सियानो ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
यह भी पढ़ें- EPFO: खाताधारक ATM से सीधे निकाल सकेंगे EPF का 75% पैसा, इसके लिए जारी है साॅफ्टवेयर अपडेट करने का प्रोसेस
मेरठ के यात्रियों को मुंबई के लिए एक और ट्रेन की सुविधा
मेरठ। रेलवे ने मेरठ से दो और वाया मेरठ जाने वाली तीन ट्रेनों के संचालन की स्वीकृति दी है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बारे में सांसद अरुण गोविल को पत्र भेजा है।
ट्रेन संख्या 12216/12215 गरीब रथ एक्सप्रेस अभी बांद्रा टर्मिनस से दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच संचालित होती है। इसे अब वाया मेरठ हरिद्वार तक विस्तारित किया है। इससे मेरठ के लोगों को मुंबई के लिए एक और ट्रेन की सुविधा मिल गई है। अभी तीन ट्रेन प्रतिदिन चल रही हैं। दो ट्रेनों में से एक सप्ताह में दो दिन और एक ट्रेन केवल एक दिन संचालित होती है।
हरिद्वार से वेरावल तक एक नई ट्रेन संख्या 14326/14325 के संचालन को हरी झंडी दी है। वेरावल गुजरात के सोमनाथ जिले में है। इससे लोगों को सोमनाथ के लिए सीधी ट्रेन की सुविधा मिल जाएगी। गुजरात के ओखा के लिए एक और ट्रेन संख्या 14328/14327 का संचालन होगा।
