कूड़ा कलेक्शन के लिए वसूले जा रहे थे 200 रुपये, नगर आयुक्त के पास पहुंच गई रिपोर्ट; फिर...
मेरठ के सिविल लाइंस वार्ड में कूड़ा कलेक्शन के नाम पर ज्यादा पैसे लेने की शिकायत मिली। नगर आयुक्त ने बीवीजी कंपनी को नोटिस जारी करने का आदेश दिया और कर्मचारी पर कार्रवाई के लिए कहा। सफाई निरीक्षक से भी जवाब मांगा गया है। निरीक्षण में कूड़े के ढेर और गंदगी मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सिविल लाइंस वार्ड में निरीक्षण के दौरान कूड़ा कलेक्शन के एवज में 80 रुपये की जगह 200 रुपये यूजर चार्ज लेने की शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त ने बीवीजी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। इसके साथ कंपनी के संबंधित कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई के लिए कहा है।
वहीं, सफाई कार्य में लापरवाही व पर्यवेक्षण सही से न करने पर सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को हिदायत दी कि लोगों को दी जाने वाली आवश्यक सेवाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार सुबह नगर आयुक्त सौरभ गंगवार,साथ में अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.अमर सिंह सिविल लाइंस वार्ड में निरीक्षण पर पहुंचे। शर्मा नगर और क्रिश्चिन कालोनी में कुछ लोगों ने शिकायत की कि घर का कूड़ा कलेक्शन करने के एवज में उनसे 200 रुपये आनलाइन लिए गए हैं। जबकि कुछ लोगों से 80 रुपये लिए जा रहे हैं।
इतना यूजर चार्ज देने के बाद भी कूड़ा गाड़ी नियमित नहीं आती है। नगर आयुक्त ने तत्काल बीवीजी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर से बात की। कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था और यूजर चार्ज की वसूली में सुधार करने को कहा। यूजर चार्ज अधिक लेने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी से कहा कि बीवीजी कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। सप्ताह भर बात फिर यहां का निरीक्षण हो और शिकायत करने वालों से फीडबैक लिया जाए। यदि दोबारा लापरवाही मिलती है तो कड़ी कार्रवाई की जाए। नगर आयुक्त को क्रिश्चियन कालोनी में सड़क किनारे कूड़े का ढेर मिला। शर्मा नगर भूमिगत डस्टबिन भरा मिला।
मानसरोवर कालोनी, साकेत के गेट के आसपास कचरे की गंदगी बिखरी मिलीं। मनोरंजन पार्क में सड़क किनारे की नालियां मिट्टी से भरी पायीं। नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार, सफाई नायक सुनील मनोठिया से कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि सुबह सड़कों पर झाड़ू न लगी, कूड़े के ढेर न उठे तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।