UP News: मेरठ में गैंगस्टर सलीम दीवाना की सरेआम गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने पुलिस चौकी के पास ही बरसाई गोलियां
मेरठ के सिविल लाइन इलाके में गैंगस्टर सलीम दीवाना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कचहरी से लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने उस पर हमला किया। सलीम को पीठ और कान के नीचे गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हत्यारों की तलाश जारी है। मृतक शनिवार को ही जेल से छूटा था।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सिविल लाइन की हासिमपुरा चौकी के समीप गैंगस्टर सलीम दीवाना की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। कचहरी से एक मुकदमे की पेशी से लौटते समय पीछे से बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है।
भीड़ के बीच ही पिस्टल से सलीम दीवान पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई। एक गोली पीठ और दूसरी कान के नीचे लगने से सलीम ने प्यारे लाल अस्पताल में दम तोड़ दिया। वारदात को रंजिशन अंजाम दिया है।
सलीम के खिलाफ 13 मुकदमो का रिकॉर्ड मिला है। पुलिस मान रही है कि उक्त मुकदमो की रंजिश में ही उसकी हत्या की गई है। शनिवार को ही सलीम जेल से छूटकर आया था। हाल में अपने चचेरे भाई के साथ डस्ट-रोड़ी का काम करने लगा था।
जाकिर कालोनी निवासी सलीम दीवाना पुत्र कुतबुद्दीन लोहियानगर की पहलवान कालोनी में पत्नी और दो बच्चों के संग रह रहा था। कुछ दिन पहले नौचंदी पुलिस ने जानलेवा हमले और गैंगस्टर के मामले में जेल भेजा था।
जमानत पर आने के बाद दस दिन पहले कोर्ट से गैरजमानती वारंट जारी होने पर जेल चला गया था। शनिवार को ही सलीम दीवाना जमानत पर छूटकर जेल से रिहा हुआ था। उसके बाद अपने चचेरे भाई उस्मान के साथ डस्ट-रोड़ी का काम करने लगा था।
जानलेवा हमले के मुकदमे की तारीख पर बुधवार को कचहरी गया था। वहां से साथी साजिद अल्टा निवासी हुमायुं नगर के साथ घर लौट रहा था। एक बाइक पर सलीम दीवाना था।
दूसरी बाइक पर साजिद अल्टा अपने भाई के साथ था। मेघदूत पुलिया से दोनों बाइक सवार मोहनपुरी, सुभाष नगर से होकर गुलमर्ग से होकर लोहियानगर जा रहे थे। हाशिमपुरा चौकी से चंद कदमों की दूरी पर सुभाष नगर में पीछे से बाइक पर दो बदमाश आए।
बदमाशों ने सलीम दीवाना पर पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग की। एक गोली सलीम दीवाना की पीठ पर लगी। बाइक बीच सड़क पर गिर जाने पर दूसरी गोली कान के पास मारी गई।
भीड़ के सामने ही बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है। उसके बाद हापुड़ अड्डा की तरफ से हमलावर फरार हो गया। उस समय साजिद अल्टा भी सलीम के कुछ दूरी पर पीछे चल रहा था। घटना के बाद चौकी से पुलिस बल दौड़ा।
तत्काल ही सलीम को उठाकर प्यारे लाल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ अभिषेक तिवारी तीन थानों की पुलिस के संग मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भी पहुंचे।
पुलिस की तीन टीमें बनाकर हत्यारोपितों की तलाश की जा रही है। सलीम दीवाना पर दो गैंगस्टर समेत 13 मुकदमे शहर के विभिन्न थानों में दर्ज है। पुलिस सलीम दीवाना की हत्या के पीछे रंजिश मान रही है। उसके पुराने मुकदमों को रिकॉर्ड डूंडा जा रहा है। पुलिस ने साजिद अल्टा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
सलीम दीवाना की हत्या के पीछे रंजिश मानी जा रही है। पुलिस की तीन टीमें लगाकर हत्यारोपितों की तलाश की जा रही है। हत्यारोपित कचहरी से ही सलीम के पीछे चल रहे है। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कराई जा रही है। जल्द ही हत्यारोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
-डाॅ. विपिन ताडा, एसएसपी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।