Athlete Priyanka: ओलिंपिक पदक जीतने के बाद माडलिंग करना चाहती हैं मेरठ की एथलीट प्रियंका गोस्वामी, शेयर की दिल की बातें
Priyanka Goswami शनिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रविवार को दिल्ली में पूर्व खेल मंत्री किरण रिजिजू से मिलीं मेरठ की एथलीट प्रियंका गोस्वामी। उनका कहना है कि 2024 पेरिस ओलिंपिक में पदक जीतने के बाद वह माडलिंग में जाना चाहेंगी।

मेरठ, जागरण संवाददाता। Athlete Priyanka कामनवेल्थ गेम्स में 10 हजार मीटर पैदल चाल में रजत पदक विजेता मेरठ की अंतरराष्ट्रीय एथलीट प्रियंका गोस्वामी खेल करियर के बाद माडलिंग में हाथ आजमाना चाहती हैं। प्रशिक्षण से थोड़ा समय निकालकर मेरठ आई प्रियंका ने बताया कि उनका पहला लक्ष्य ओलिंपिक गेम्स में देश के लिए पदक जीतना है।
आलिया भट्ट पसंदीदा अभिनेत्री
2024 पेरिस ओलिंपिक में पदक जीतने के बाद वह माडलिंग में जाना चाहेंगी। प्रियंका अभिनेत्री आलिया भट्ट को पसंद करती हैं और उन्हें उनके स्टाइल सेंस के लिए आलिया जैसा भी कहा जाता है। प्रियंका इसे काम्प्लीमेंट के तौर पर लेती हैं लेकिन फैशन को किसी तरह अपने खेल करियर और लक्ष्य में बाधक नहीं बनने देना चाहती हैं।

कामनवेल्थ गेम्स के बाद हुआ बदलाव
प्रियंका के अनुसार उन्हें हमेशा से ही अच्छी कपड़े पहनना और फोटो खिंचवाने का शौक रहा है। खेल में आगे बढ़ने के बाद फैशन पीछे छूट गया। प्रियंका के अनुसार वर्ष 2010 में वह पालीटेक्निक से फैशन डिजाइनिंग पढ़ना चाहती थी लेकिन नहीं ले सकीं। उसके बाद खेल में आगे बढ़ीं और फिर फैशन छूट गया। अब कामनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने के बाद लोगों से मिलना-जुलना शुरू हुआ। इसी कड़ी में फैशन डिजाइनर तन्माया द्विवेदी से मुलाकात हुई जो प्रियंका को स्टाइलिंग में मदद कर रही हैं।
मुख्यमंत्री और खेल मंत्री को दिखाया पदक
बेंगलुरू में चल रहे प्रशिक्षण के बीच कुछ समय निकालकर शनिवार को लखनऊ पहुंची प्रियंका ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कामनथेल्थ गेम्स में जीता रजत पदक दिखाया। वहीं रविवार को प्रियंका ने दिल्ली में पूर्व खेल मंत्री किरण रिजिजू से मुलाकात करने के बाद मेरठ पहुंची। प्रियंका मंगलवार को बेंगलुरू के लिए रवाना होंगी। प्रियंका गोस्वामी टोक्यो ओलिंपिक में 17वें स्थान पर रहीं थी। उन्हीं पूरा भरोसा है कि वह पेरिस ओलिंपिक से पदक लेकर आएंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।