मेरठ: गांव से शुरू हुई अफसाना और गौरव की प्रेम कहानी का नोएडा में हुआ खौफनाक अंत
आठवीं तक पढ़ी नानू गांव की अफसाना खुले ख्यालात वाली लड़की थी। तीन साल पहले गौरव से मुलाकात हुई और दोनों में प्यार हो गया। गौरव ने भी अफसाना की हर ख्वाहिश पर दिल खोलकर पैसा खर्च किया। परिवार की बंदिशों के बावजूद दोनों एक-दूसरे पर जान छिड़कते थे।

[सुशील कुमार] मेरठ। आठवीं तक पढ़ी नानू गांव की अफसाना खुले ख्यालात वाली लड़की थी। तीन साल पहले गौरव से मुलाकात हुई और दोनों में प्यार हो गया। गौरव ने भी अफसाना की हर ख्वाहिश पर दिल खोलकर पैसा खर्च किया। परिवार की बंदिशों के बावजूद दोनों एक-दूसरे पर जान छिड़कते थे। लेकिन इस प्रेमी कहानी के बीच हिना की एंट्री ने अचानक सब कुछ बदलकर रख दिया। अंतत: नानू से शुरू हुए मोहब्बत के अफसाने का नोएडा में दो सनसनीखेज कत्ल के साथ दर्दनाक अंत हो गया।
गौरव-अफसाना की वो पहली मुलाकात
नानू में गौरव की मोबाइल रिपेयरिंग और रिचार्ज की दुकान है। तीन साल पहले अफसाना उसकी दुकान पर मोबाइल ठीक कराने आई थी। गौरव ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। दोनों में बातचीत शुरू हो गई। फिर बातों ही बातों में प्यार हो गया, लेकिन अफसाना के परिवार को दूसरे संप्रदाय के लड़के से रिश्ता कतई मंजूर न था। उनके इन्कार करने पर गौरव ने फेसबुक पर अफसाना से बातचीत की वीडियो अपलोड कर दी। अफसाना के स्वजन ने पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी दी तो गौरव ने अफसाना के घर जाकर माफी मांगी और वीडियो डिलीट कर दी, लेकिन दोनों का प्रेम प्रसंग चलता रहा।
बेइज्जती का बदला लेने को किया कत्ल
अफसाना और हिना (अफसाना की रिश्तेदार) के बीच समलैंगिक संबंध थे। जिस कारण इनके बीच में रोड़ा बन रहे गौरव को अफसाना ने दोस्तों से पिटवाया था। प्यार में दगा मिलने और नोएडा में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए ही गौरव ने अफसाना और हिना का कत्ल कर दिया। वह अपने दोस्त डाबका के आकाश को साथ लेकर दस अगस्त को नोएडा पहुंचा। अफसाना को शापिंग कराने का झांसा दिया। दोनों को कार में बैठाकर मेरठ के लिए चल दिए। हिना गौरव के मंसूबों को भांप गई। उसने कार से कूदने की कोशिश की और शोर मचा दिया। तभी गौरव ने कार में हिना की गर्दन पर पिस्टल रखकर गोली मार दी। अफसाना के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ-पैर बांध दिए। सरधना में आकर नानू नहर के पास अफसाना की छाती में गोली मारकर उसे भी मौत की नींद सुला दिया। दोनों शवों को नाले में फेंक दिया।
शवों की पहचान होने के बाद पुलिस ने अफसाना और हिना की कुंडली खंगाली। पता चला कि अफसाना के नानू गांव के गौरव त्यागी से संबंध थे। कक्षा आठ पास अफसाना मूलरूप से नानू की रहने वाली थी, जो नोएडा के काल सेंटर में अपनी सहेली कक्षा दस पास हिना के साथ नौकरी करती थी। गौरव ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी डाबका निवासी आकाश के साथ मिलकर हत्या की है। पुलिस ने आकाश को भी गिरफ्तार कर लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।