Delhi-Meerut RRTS: बेगमपुल स्टेशन तो हो गया तैयार, अब किस महीने से शहर में दौड़ेगी नमो भारत-मेट्रो?
मेरठ में नमो भारत-मेट्रो के जल्द शुरू होने की उम्मीद है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक शुभारंभ की संभावना है। एनसीआरटीसी अधिकारियों को अलर्ट पर रखा गया है। वर्तमान में भूड़बराल स्टेशन से दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक नमो भारत चल रही है। मेरठ में कॉरिडोर 23 किमी लंबा है जिसमें कुछ स्टेशन नमो भारत और मेट्रो दोनों सेवाएं प्रदान करेंगे।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर में नमो भारत-मेट्रो के संचालन का सपना जल्द पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन है। इसी तिथि को विश्वकर्मा जयंती भी है। इस दिन मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत और मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ की संभावना व्यक्त की जा रही है।
नई दिल्ली में सराय काले खां स्टेशन पर भी इसकी तैयारी है। हालांकि कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, पितृ पक्ष के बाद 22 सितंबर से नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं। ऐसे में सितबंर में शहर में नमो भारत-मेट्रो दौड़ सकती है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है।
नई दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का ट्रायल रन तेजी से चल रहा है। नमो भारत और मेट्रो दोनों का संचालन एक साथ शुरू करने की तैयारी है। नमो भारत के शहर में चार और मेट्रो के 13 स्टेशन है।
अभी भूड़बराल स्थित मेरठ साउथ स्टेशन से दिल्ली के न्यू अशोक नर तक नमो भारत ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। मेरठ में कारिडोर की लंबाई 23 किमी है। 18 किमी का हिस्सा एलिवेटेड है। पांच किमी का हिस्सा भूमिगत है।
मेरठ साउथ, शताब्दीनगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर नमो भारत के साथ् मेट्रो की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इन स्टेशनों पर लोग ट्रेन बदल सकेंगे।
अन्य स्टेशनों परतापुर, रिठानी, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल,भैंसाली, एमईएस कालोनी, डोरली, मेरठ नार्थ, मोदीपुरम डिपो पर सिर्फ मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने कहा कि अभी उद्घाटन की कोई तिथि नहीं आई है। व्यवस्थाओं को लेकर एनसीआरटीसी के अधिकारी अलर्ट पर हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।