मेरठ के नगर आयुक्त मनीष बंसल का तबादला, संभल के डीएम बने
नगर आयुक्त मनीष बंसल का तबादला हो गया। उन्हें संभल जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है। दोपहर दो बजे नगर आयुक्त ने अपना चार्ज अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार को सौंपा और संभल के लिए रवाना हो गए।

मेरठ, जागरण संवाददाता। शुक्रवार को नगर आयुक्त मनीष बंसल का तबादला हो गया। उन्हें संभल जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है। दोपहर दो बजे नगर आयुक्त ने अपना चार्ज अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार को सौंपा और संभल के लिए रवाना हो गए। फिलहाल नगर आयुक्त के पद पर शासन से अभी तैनाती नहीं हुई है। 2014 बैच के आइएएस मनीष बंसल ने करीब डेढ़ साल पहले नगर आयुक्त मेरठ का कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल में मेरठ को स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 का फास्टेट मूविंग सिटी का अवार्ड मिला।
गार्बेज फ्री सिटी की वन स्टार रेटिंग प्राप्त हुई। लोहिया नगर डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाया गया। आवारा कुत्तों की नसबंदी व एंटी रैबीज वैक्सीनेशन अभियान के लिए नगर निगम ने खुद की एनिमल बर्थ कंट्रोल यूनिट स्थापित की और अभियान शुरू किया। वायु गुणवत्ता सुधार के लिए कमिश्नरी आवास चौराहे से जेलचुंगी चौराहे तक ग्रीन बेल्ट विकसित की गई। डोर टू डोर कूड़ा उठान को आउटसोर्स पर दिया गया। निगम की करीब 25 संपत्तियों की तारबंदी कराकर सुरक्षित करने का काम किया गया। इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का कंट्रोल रूम स्थापित हुआ।
ये प्रोजेक्ट अब नए नगर आयुक्त को करने होंगे पूरे
गांवड़ी में निर्माण सामग्री के मलबे के निस्तारण के लिए प्लांट प्रस्तावित है।-गांवड़ी में फ्रेश कूड़ा निस्तारण के लिए वेस्ट टू एनर्जी प्लांट प्रस्तावित है। -गढ़ रोड पर गांधी आश्रम से तेजगढ़ी चौराहे तक स्मार्ट रोड प्रस्तावित है। -नगर निगम परिसर में मल्टी लेवल वाहन पार्किंग प्रस्तावित है। -मंगतपुरम में कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने का काम प्रस्तावित है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।