विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगमपुल नमो भारत स्टेशन के पास बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग, NCRTC ने रक्षा संपदा विभाग से मांगी जमीन

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:50 PM (IST)

मेरठ के बेगमपुल नमो भारत स्टेशन के पास मल्टी लेवल पार्किंग बनाने का रास्ता साफ हो गया है। 

बेगमपुल नमो भारत मेट्रो स्टेशन के बाहर पार्किंग के अभाव में सड़क पर खड़े वाहन। जागरण

बेगमपुल नमो भारत मेट्रो स्टेशन के बाहर पार्किंग के अभाव में सड़क पर खड़े वाहन। जागरण

HighLights

  1. बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर मल्टी लेवल पार्किंग बनेगी।

  2. एनसीआरटीसी ने 5000 वर्ग मीटर जमीन मांगी, सहमति मिली।

  3. दिसंबर तक रक्षा मंत्रालय से अनुमति मिलने की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता, मेरठ। बेगमपुल नमो भारत स्टेशन के पास मल्टी लेवल पार्किंग बनाने का रास्ता खुल गया है। एनसीआरटीसी ने स्टेशन के पास पार्किंग सुविधा विकसित करने के लिए रक्षा संपदा विभाग से लगभग 5000 वर्ग मीटर जमीन मांगी थी, यह जमीन बंगला संख्या 80 के अंतर्गत चिह्नित की गई है।

रक्षा संपदा विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने इस पर सहमति जताते हुए अनुमति के लिए रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। दिसंबर तक यह प्रक्रिया पूरी होने का अनुमान है।

स्टेशन शुरू होने के बाद से ही पार्किंग की समस्या

बेगमपुल नमो भारत-मेट्रो स्टेशन शुरू होने के बाद से ही पार्किंग की समस्या खड़ी हो गई थी। हालात ये हैं कि स्टेशन के बाहर यात्री चढ़ाने-उतारने की लेन के बीच वाहनों की पार्किंग की जा रही है, जिससे बेगमपुल चौराहे से जीरो माइल चौराहे तक भीषण जाम लगता है। त्योहारों और अवकाश के दिनों में स्थिति विकराल हो जाती है।

बेगमपुल नमो भारत स्टेशन के आसपास लालकुर्ती, आबूलेन, पीएल शर्मा रोड, बेगमपुल रोड, बांबे बाजार और सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजार हैं। इन क्षेत्रों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी को पहुंचते हैं, लेकिन वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।

ऐसे में यात्रियों और व्यापारी लगातार बड़ी मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने एनसीआरटीसी, कैंट बोर्ड और रक्षा संपदा विभाग, नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की थी।

पार्किंग सुविधा विकसित करने का सुझाव दिया था। एनसीआरटीसी के प्रस्ताव पर रक्षा संपदा विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने बेगमपुल नमो भारत स्टेशन के समीप बंगला संख्या 80 की जमीन देने पर अपनी सहमति दे दी है।

एनसीआरटीसी को देनें होंगे 31 करोड़ रुपये

रक्षा संपदा विभाग के एसडीओ वीके गुप्ता ने कहा कि जमीन चिह्नित कर दी गई है, इसका हस्तांतरण किया जाएगा। बदले में एनसीआरटीसी को 31 करोड़ रुपये देने होंगे। एनसीआरटीसी को काम शुरू करने की अनुमति के लिए विभाग ने मध्य कमान लखनऊ के माध्यम से रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। रक्षा मंत्रालय से दिसंबर तक अनुमति मिलने की उम्मीद है।

एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि बेगमपुल स्टेशन के पास पार्किंग विकसित करने के लिए जमीन मांगी है। जहां भी जमीन मिलेगी, एनसीआरटीसी पार्किंग बना देगा। यह सुविधा स्टेशन के यात्रियों के साथ-साथ आसपास के बाजारों में आने वाले लोगों के लिए भी उपयोगी होगी।

लिखित में सुझाव दिया है कि चिह्नित जमीन पर 1000 क्षमता की मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण हो ताकि स्टेशन के अलावा बाजार क्षेत्रों की वाहन पार्किंग की समस्या का भी निदान हो सके। एनसीआरटीसी के अधिकारियों से बात की है।

अमित अग्रवाल, कैंट विधायक

यह भी पढ़ें- मेरठ में ई-नीलामी पोर्टल का सर्वर हैक कर 3.45 लाख का VIP नंबर किया गायब, सपा महानगर अध्यक्ष के भाई पर आरोप

यह भी पढ़ें- MH मेरठ में 'ऑपरेशन दृष्टि' शुरू, 9 जिलों के पूर्व सैनिकों व आश्रितों की आंखों की बीमारियों के मुफ्त इलाज की सुविधा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।