विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ एमएलसी चुनाव: शिक्षक पद पर 11, स्नातक के लिए 10 ने ठोकी ताल, अंतिम दिन नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण

Published: Wed, 07 Oct 2026 11:42 AM (IST)

मेरठ में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि पर कुल 11 शिक्षक और 10 स्नातक प्रत्याशियों ने अपनी दावेदारी पेश की।

एमएलसी चुनाव के प्रेक्षक सुहास एलवाई ने नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। सौजन्य सूचना विभाग

एमएलसी चुनाव के प्रेक्षक सुहास एलवाई ने नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया। सौजन्य सूचना विभाग

HighLights

  1. शिक्षक एमएलसी पद पर 11, स्नातक के लिए 10 नामांकन हुए।

  2. श्रीचंद शर्मा की पत्नी का नामांकन विलंब से जमा नहीं हो सका।

  3. प्रेक्षकों ने मेरठ में नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन खंड मेरठ के चुनाव के लिए नामांकन जमा करने की मंगलवार को अंतिम तिथि थी। आज दोनों पदों पर चार-चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा कराए। अंतिम दिन तक शिक्षक सीट पर कुल 11 तथा स्नातक के लिए 10 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र प्राप्त हुए।

मंगलवार को दोनों सीटों के लिए तैनात किए गए प्रेक्षक मेरठ पहुंच गए। दोनों ने ही डीएम और एसएसपी के साथ नामांकन केंद्र पर पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से जानकारी ली। वर्तमान शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा की पत्नी तीन सेट में नामांकन पत्र लेकर पहुंचीं, लेकिन तीन बजे के बाद पहुंचने के कारण उनका नामांकन पत्र जमा नहीं हो सका।

भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन प्रक्रिया

मंडलायुक्त कार्यालय में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन प्रक्रिया चल रही है। रिटर्निंग अफसर मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी के दिशा निर्देशन में अपर आयुक्त और सहायक रिटर्निंग अफसर अणित सिंह, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर और एडीएम वित्त बुलंदशहर अभिषेक सिंह द्वारा नामांकन पत्र प्राप्त किए गए।

तीनों अधिकारियों ने बताया कि 29 सितंबर से चल रही नामांकन प्रक्रिया में छह अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि थी। अंतिम दिन शिक्षक और स्नातक दोनों पदों पर चार-चार नामांकन पत्र प्राप्त हुए। वर्तमान शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने सोमवार को नामांकन पत्र जमा कराया था।

मंगलवार को उनकी पत्नी संजीता नामांकन पत्र के तीन सेट जमा कराने के लिए पहुंची थीं। नामांकन कक्ष पर वे तीन बजे के बाद पहुंची। उनके पास नामांकन पत्र तीन सेट में थे। उनके साथ प्रस्तावक भी थे। उस समय तक नामांकन कक्ष को बंद कर दिया गया था। उनके साथ आए लोगों ने नामांकन पत्र जमा कराने के लिए अधिकारियों से बात भी की लेकिन उन्होंने स्पष्ट इंकार कर दिया। आखिरकार उन्हें बिना नामांकन पत्र जमा किए ही जाना पड़ा।

दोनों प्रेक्षकों ने किया नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण

एमएलसी निर्वाचन के स्नातक खंड के लिए आइएएस अधिकारी राजशेखर को तथा शिक्षक खंड के लिए सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग सुहास एल वाई को प्रेक्षक बनाया गया है। दोनों प्रेक्षक मंगलवार को मेरठ पहुंचे।

दोनों ने अलग अलग पर नामांकन कक्ष पर पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। डीएम डा. वी के सिंह तथा एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने उन्हें विभिन्न जानकारियां दीं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय वर्धन तोमर ने बताया कि प्रेक्षक राजशेखर सर्किट हाऊस के एनेक्सी में कमरा संख्या 8 में रहेंगे। एमएलसी चुनाव के संबंध में उनसे मोबाइल नंबर-9762867238 पर अथवा सुबह 10 बजे से 11 बजे के बीच सर्किट हाउस में मुलाकात की जा सकती हैं।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन

क्र. प्रत्याशी का नाम दल का नाम
1 श्रीचंद शर्मा भाजपा
2 नितिन कुमार तोमर समाजवादी पार्टी
3 डा. सुशील कुमार पुंडीर निर्दलीय
4 सुशील निर्दलीय
5 हरकेश सिंह निर्दलीय
6 स्वराज पाल निर्दलीय
7 डा. कुलदीप मलिक निर्दलीय
8 तनुज गंभीर निर्दलीय
9 बाकिर हुसैन निर्दलीय
10 पंकज कुमार निर्दलीय
11 अंशू शर्मा निर्दलीय

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन

क्र. प्रत्याशी का नाम दल का नाम
1 दिनेश गोयल भाजपा
2 प्रमेंद्र सिंह समाजवादी पार्टी
3 प्रदीप कुमार निर्दलीय
4 विजय कुमार त्यागी निर्दलीय
5 एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ निर्दलीय
6 राहुल कुशवाहा निर्दलीय
7 दुष्यंत निर्दलीय
8 अमित कुमार जैन निर्दलीय
9 मोहम्मद अकरम रजा निर्दलीय
10 पंचशील निर्दलीय

आज होगी नामांकन पत्रों की जांच

सहायक रिटर्निंग अफसर अमित सिंह ने बताया कि सात अक्टूबर बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच का कार्य किया जाएगा। इसके लिए नामांकन जमा कराने वाले प्रत्याशी मौजूद रहेंगे। नामांकन पत्र की वापसी के लिए 9 अक्टूबर तिथि निर्धारित है। 23 अक्टूबर को मतदान तथा 27 को मतगणना होगी।

यह भी पढ़ें- एमएलसी चुनाव: 11 सीटों के लिए 188 प्रत्याशी मैदान में, आज होगी नामांकन पत्रों की जांच

यह भी पढ़ें- एमएलसी चुनाव-2026: नामांकन में उमड़ी प्रत्याशियों की भीड़, एक दिन में 22 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा