एमएलसी चुनाव: 11 सीटों के लिए 188 प्रत्याशी मैदान में, आज होगी नामांकन पत्रों की जांच
विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 188 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। आज नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 23 अक्टूबर को मतदान होगा।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
11 विधान परिषद सीटों के लिए 188 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन 51 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।
आज नामांकन पत्रों की जांच होगी, मतदान 23 अक्टूबर को।
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। विधान परिषद की खंड स्नातक और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में 188 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन 51 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया, जबकि इससे पहले 137 प्रत्याशी नामांकन कर चुके थे। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को होगा।
वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 27 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। इसके बाद लखनऊ खंड स्नातक सीट पर 22 और आगरा खंड स्नातक सीट पर 20 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा है। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 19-19 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट पर 17, आगरा खंड शिक्षक सीट पर 15, जबकि लखनऊ खंड शिक्षक और वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर 14-14 प्रत्याशियों ने दावेदारी की है। मेरठ खंड शिक्षक सीट पर 11 और मेरठ खंड स्नातक सीट पर 10 प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद चुनाव मैदान में प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर साफ होगी।
