विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से पहले सोने-चांदी का भाव गिरे: मेरठ के सराफा बाजार में छाई रौनक, जेवर खरीद में ग्राहकों ने दिखाई दिलचस्पी

Published: Mon, 02 Nov 2026 04:47 PM (IST)

दीपावली से पहले सोने-चांदी के दामों में भारी गिरावट आई है, जिससे मेरठ के सराफा बाजार में खुदरा ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. सोने-चांदी के दाम दीपावली से पहले काफी गिरे।

  2. मेरठ के सराफा बाजार में ग्राहकों की रौनक बढ़ी।

  3. व्यापारी त्योहारी सीजन में बंपर बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं।

ओम बाजपेयी, मेरठ। सोने चांदी के रेटों में गिरावट से दीपोत्सव पर आभूषण बाजार में उत्साह का माहौल बन रहा है। 10 दिन में सोने के दाम प्रति 10 ग्राम पांच हजार प्रति 10 ग्राम और चांदी के दामों 24 हजार रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आ गई है। इससे फुटकर बाजार में खरीद बढ़ी हुई है। हालांकि थोक बाजार में सुस्ती है। दीपावली पर व्यापारी बंपर बिक्री की उम्मीद कर रहे हैं।

त्योहारी सीजन में रेटों में अचानक इतनी गिरावट से व्यापारी और थोक ग्राहक ठिठके हुए हैं। अमूमन देखा गया है त्याेहारों पर दाम बढ़ते हैं विशेषकर दीपावली में, लेकिन इस बार बाजार का नजारा अलग है। गिरते हुए दामों को देख कर ग्राहक खरीददारी कम कर रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि दाम और गिर जाएं तो खरीददारी की जाए।

जितना बेचते हैं उतनी कर लेते हैं खरीद

सराफा बाजार में कारोबार का अर्थशास्त्र यह है कि व्यापारी दिन भर में जितना सोना या चांदी बेचते हैं, उतनी मात्र उसी दिन खरीद लेते हैं, ताकि स्टाक बना रहे। थोक व्यापारी इस समय संशय में हैं।

व्यापारियों ने महंगा सोना खरीद कर आभूषण बनवाएं हैं उन्हें अपने नुकसान की चिंता है। मेरठ में चूंकि सोने और चांदी के आभूषणों का थोक व्यापार बड़े पैमाने पर होता है, इसलिए थोक व्यापारी इस समय खरीददारी कम कर रहे हैं। आसपास के जनपदों और दूसरे राज्यों से आभूषण व्यापारी यहां से थोक में ज्वैलरी खरीदते हैं। ऐसे लोग रेटों के स्थिर होने का इंतजार कर रहे हैं।

हालांकि, शोरूमों में ग्राहकों की खासी चहल पहल है। मेरठ 20 कैरेट की ज्वैलरी के प्रसिद्ध है। यह ज्वैलरी किफायती और मजबूत होती है आम दिनों में पहनने के लिए पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच काफी चलन में रहती है। जब से साेने चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं तब से 20 कैरेट ज्वैलरी की डिमांड दूसरे राज्यों में भी बढ़ी है।

दाम गिरने से फुटकर बाजार गुलजार

आबू प्लाजा स्थित रघुनंदन ज्वैलर्स के राकेश प्रकाश अग्रवाल ने बताया कि रेटों में लगातार गिरावट हाेने से बाजार में इस समय ग्राहक कम हैं। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि 22 अक्टूबर को सोना 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के भाव 2,07150 रुपये प्रति किलोग्राम थे, जबकि रविवार को यह 139700 और 1,83,000 थे।

इस समय थोक व्यापारी ऑर्डर नहीं दे रहे हैं, पर फुटकर बाजार गुलजार है। रेटों में गिरावट से दीपावली पर बंपर सेल की उम्मीद है। पांच दिन के दीपोत्सव पर कारोबार चार सौ करोड़ का आंकड़ा स्पर्श करेगा ऐसा अनुमान है। पुराने चांदी के सिक्कों की मांग बढ़ी हुई है।

धनतेरस पर चांदी के सिक्के और कलाकृतियाें की अच्छी बिक्री

मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष और चांदी के आयटमों के थोक व्यापारी प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि लगातार कीमतें गिरने से धनतेरस पर चांदी के सिक्के और कलाकृतियाें की अच्छी बिक्री की उम्मीद है। चांदी के सिक्के मेरठ में तैयार होते हैं। बताया कि करवाचौथ पर जहां लोगों ने हाथ रोक कर खरीददारी की थी वह अब दीपावली पर अधिक खरीददारी करेंगे।

तनिष्क शो रूम के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक जैन ने बताया कि सोने चांदी के रेट कम होने से ग्राहक अधिक खरीददारी को उत्सुक होते हैं। ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ खरीदे जाने वाले आभूषणों का वजन भी बढ़ता है। सोने के दामों में पांच हजार की गिरावट मायने रखती है। जिनके घराें में विवाह या कोई बड़ा उत्सव है वह भी ऐसे मौके में खरीददारी करते हैं। ऐसे में दीपावली पर अच्छे व्यापार की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- दीपावली-छठ पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी, मुजफ्फरनगर से चलेंगी 145 अतिरिक्त बसें, परिवहन निगम तैयार

यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर हरदोई डिपो से दिल्ली के लिए चलेंगी 30 अतिरिक्त बसें, 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।