दीपावली और छठ पर हरदोई डिपो से दिल्ली के लिए चलेंगी 30 अतिरिक्त बसें, 24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम
दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए हरदोई डिपो से दिल्ली मार्ग पर 30 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, जिससे कुल 70 बसें संचालित होंगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
हरदोई से दिल्ली के लिए 30 अतिरिक्त बसें।
6 से 17 नवंबर तक विशेष बस संचालन।
24 घंटे कंट्रोल रूम बसों की निगरानी करेगा।
जागरण संवाददाता, हरदोई। दीपावली और छठ पर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष बस संचालन की तैयारी की है। इसके तहत हरदोई डिपो से दिल्ली मार्ग पर निर्धारित 40 बसों के अलावा 30 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।
इससे इस मार्ग पर हरदोई डिपो की 70 बसें दिल्ली मार्ग पर संचालित होंगी। वहीं हरदोई परिक्षेत्र के छह डिपो से 150 अतिरिक्त बसों का संचालन दिल्ली के लिए किया जाएगा।
हरदोई डिपो के बेड़े में कुल 240 बसें शामिल हैं। इनमें से 40 बसें नियमित रूप से दिल्ली मार्ग पर संचालित होती हैं। त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस मार्ग पर 30 अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। वहीं हरदोई परिक्षेत्र के हरदोई, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोला, कन्नौज और लखीमपुर डिपो से पहले से 195 बसें दिल्ली मार्ग पर संचालित हो रही हैं।
तीन पालियों में कर्मचारी रहेंगे तैनात
150 अतिरिक्त बसें जुड़ने से परिक्षेत्र के इन डिपो से दिल्ली मार्ग पर 345 बसें फर्राटा भरेंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा ने बताया कि छह से 17 नवंबर तक विशेष बस संचालन किया जाएगा। इस दौरान आनंद विहार (दिल्ली), कौशांबी बस स्टेशन (गाजियाबाद), लखनऊ और कानपुर समेत प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार बसें चलाई जाएंगी।
यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग तिथियों में ड्यूटी लगाई गई है। क्षेत्रीय स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां तीन पालियों में कर्मचारी तैनात रहेंगे। वह डिपो से निकलने वाली बसों की स्थिति और संचालन की जानकारी दर्ज करेंगे।
बसों में कम यात्री होने की स्थिति में भी उन्हें दिल्ली के लिए रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक दो घंटे में बसों की स्थिति और संचालन की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को भेजनी होगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली से गोरखपुर के बीच दो-दो फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन, हरदोई स्टेशन पर भी होगा ठहराव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।