विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में प्रदूषण से राहत दिलाएगी कोलकाता, भीमताल और पुणे की पौध, नर्सरी में बढ़ी मांग

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:32 PM (IST)

मेरठ में सर्दियों के बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए कोलकाता, भीमताल और पुणे से विशेष पौधे मंगाए जा रहे हैं।

नर्सरी में मौजूद पौधे। जागरण

नर्सरी में मौजूद पौधे। जागरण

HighLights

  1. कोलकाता, भीमताल, पुणे से पौधे मेरठ में प्रदूषण से राहत दिलाएंगे।

  2. ये इंडोर पौधे घर की हवा को शुद्ध कर ऑक्सीजन बढ़ाते हैं।

  3. सर्दियों में नर्सरियों में इन वायु शोधक पौधों की मांग बढ़ी है।

दिलीप पटेल, मेरठ। सर्द मौसम में बढ़ते प्रदूषण के इस दौर में मेरठ की हवा को शुद्ध करने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से खास पौधे मंगाए जा रहे हैं। कोलकाता, भीमताल और पुणे की नर्सरी से लाई गई ये विशेष पौध अब मेरठवासियों के घरों की बालकनी और कमरों की शोभा बढ़ाने के साथ-साथ प्राकृतिक एयर प्यूरीफायर का काम करेंगी।

पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों के दिनों में जब हवा में प्रदूषक कण नीचे बैठ जाते हैं, तब इन इंडोर और सेमी-इंडोर पौधों की मौजूदगी घर के भीतर की हवा को साफ और आक्सीजन से भरपूर रखने में मददगार साबित होती है।

भले ही यह सीजन बालकनी में फुलवारी सजाने का होता है, लेकिन इन दिनों शहर की नर्सरियों में हवा को साफ रखने वाले पौधौं की मांग बढ़ गई है। प्रदूषण के इस संकट से निपटने के लिए लोग अपनी बालकनी, खिड़कियों और ड्राइंग रूम में कई तरह के पौधे लगा रहे हैं। इसमें जीजी प्लांट, एंथूरियम, एग्लोनिमा, अरेका पाम, स्नो व्हाइट, सकुलेंट, स्नेक प्लांट, जेड, एरिग्रापाम, सीपोटियापाम और और बैम्बू जैसे पौधे शामिल हैं।

बागपत रोड स्थित मां शाकुंभरी नर्सरी के संचालक राजकुमार मीना ने बताया कि इन पौधों की मांग वैसे तो 12 महीने रहती है, लेकिन सर्दियों के समय फूल वाले पौधों के साथ इनकी मांग भी बढ़ जाती है। सर्कुृलेंट का पौधा भीमताल से आता है। लाल मिट्टी और नारियल खाद में तैयार पौधे पुणे से मंगाए जाते हैं। कोलकाता से भी पौधे मंगाए जाते हैं। सर्दियों में मांग को देखते हुए सभी किस्म के पौधों के आर्डर दिए गए हैं।

हानिकारक तत्वों को अवशोषित कर लेते हैं ये पौधे

सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डा. आर एस सेंगर ने बताया कि ये पौधे न केवल दिखने में बेहद खूबसूरत होते हैं बल्कि हवा में मौजूद कार्बन मोनोआक्साइड, फोर्मेल्डिहाइड और अन्य हानिकारक तत्वों को प्राकृतिक रूप से अवशोषित कर लेते हैं। स्नेक प्लांट और जीजी प्लांट जैसे पौधे रात के समय भी आक्सीजन छोड़ते हैं, जिससे घर का इनडोर पर्यावरण सेहतमंद बनता है।

सर्दियों के मौसम में इनकी देखरेख करना भी आसान होता है, क्योंकि इन्हें बहुत ज्यादा धूप या पानी की आवश्यकता नहीं होती। कोलकाता, भीमताल और पुणे में इन पौधों को तैयार करने के अनुकूल वातावरण होता है। वहां पले-बढ़े ये पौधे मेरठ के मौसम में भी आसानी से ढल जाते हैं।

यह भी पढ़ें- सस्ती हुई सब्जी: सर्द मौसम में सेहत के लिए फायदेमंद हरी सब्जियों के रेट गिरे, मथुरा में आज का ताजा भाव

यह भी पढ़ें- Dog Attack: सर्द मौसम में खूंखार हो रहे कुत्ते, नोएडा के जिला अस्पताल में 500 से ज्यादा मरीजों को लगी एआरवी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।