विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में आज से दीपावली तक इन इलाकों में ई-रिक्शा पर बैन, चार स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस पिकेट

Published: Sun, 01 Nov 2026 06:08 PM (IST)

मेरठ में कबाड़ी बाजार, प्याऊ चौराहे से घंटाघर तक ई-रिक्शा का प्रवेश आज से दीपावली तक बंद रहेगा।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. कबाड़ी बाजार से घंटाघर तक ई-रिक्शा प्रवेश बंद।

  2. चार नए स्थानों पर पुलिस पिकेट की तैनाती।

  3. दीपावली तक प्रभावी रहेंगे ये नए नियम।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दैनिक जागरण के व्यवस्थित बाजार अभियान के तहत शनिवार को शहर सराफा बाजार स्थित महादेव मंदिर में जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों की सराफा व्यापारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में निर्णय हुआ कि दीपावली तक कबाड़ी बाजार, प्याऊ चौराहा से घंटाघर तक दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक ई-रिक्शा का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

सुरक्षा के लिहाज से चार नए स्थानों (सिद्धिविनायक चौक, मोबाइल टावर चौक, ब्रह्माकुमारीज स्कूल चौक और ट्रांसफार्मर वाला चौक) पर पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। यह दोनों व्यवस्थाएं एक नवंबर से लागू हो जाएंगी। इसके अलावा टाउन हाल पार्किंग में नवनिर्मित शौचालय को सोमवार से शुरू कर दिया जाएगा।

बैठक में सघन बाजार क्षेत्र घोषित करने की मांग

बैठक में जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एसपी ट्रैफिक राजेश श्रीवास्तव, एडीएम सिटी आदित्य प्रजापति के सामने मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए। कहा कि शहर सराफा बाजार, कागजी बाजार, नील की गली, कच्ची सराय, ठठेरवाड़ा, बाजार बजाजा, लाला का बाजार, आंशिक पत्थर वाला, नील की गली आदि क्षेत्रों को सघन बाजार क्षेत्र घोषित किया जाए।

इससे व्यापारी अपनी स्थायी संपत्ति पर ऋण लेकर अपनी व्यापारिक पूंजी बढ़ा सकते हैं। सराफा व्यापारियों ने घंटा घर से वैली बाजार तक फलों के ठेलों द्वारा किए जाने वाले अतिक्रमण को हटाने की मांग की। टाउन हाल पार्किंग में नवनिर्मित शौचालय चालू न होने, पार्किंग शुल्क का नोटिस बोर्ड न लगे होने का मामला उठाया।

हाईकोर्ट के आदेश का हवाला भी दिया

धनतेरस से पहले सराफा बाजार, कच्ची सराय, नील की गली , बजाजा, ठठेरवाड़ा, शीश महल, चौक नंदराम और डालमपाड़ा सहित अन्य क्षेत्रों की खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराने की मांग की। वैली बाजार में सोमवार को लगने वाली पैठ बाजार को रोकने की मांग की। हाईकोर्ट के आदेश का हवाला भी दिया।

कबाड़ी बाजार से घंटाघर तक ई-रिक्शा से लगने वाले जाम से निजात दिलाने की बात रखी गई। बैठक में एसोसिएशन के संरक्षक रवि प्रकाश अग्रवाल, अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी मौजूद रहे।

ये हुआ समाधान

समाधान के क्रम में सघन क्षेत्र घोषित करने की मांग पर जिलाधिकारी डॉ. वीके ने कहा कि इस संबंध में मेरठ विकास प्राधिकरण से वार्ता की जाएगी। यह घोषणा कौन करता है, इसकी जानकारी लेने के बाद ही निर्णय हो सकेगा। पैठ बाजार को लेकर कहा कि यदि यह दो महीने से लगनी शुरू हुई तो इसे तत्काल रोक दिया जाए। यदि यह पहले से लग रही है तो पहले इनको कहीं व्यवस्थित करने के बाद रोक लगाई जाए।

नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि टाउनहाल की पार्किंग स्थल का शौचालय सोमवार से चालू हो जाएगा। पार्किंग शुल्क का नोटिस बोर्ड भी लग जाएगा। दिसंबर तक मल्टी लेवल पार्किंग का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जहां वाहनों की निर्धारित रेट लिस्ट और कर्मचारियों की ड्रेस अनिवार्य होगी। धनतेरस से पहले लाइटें ठीक हो जाएंगी।

त्योहार पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी पुख्ता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के सामने सराफा व्यापारियों ने पुराना सोना ग्राहकों से खरीदने से संबंधित प्रोफार्मा प्रस्तुत किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इसकी सराहना की।

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह को निर्देश दिया कि सुरक्षा के लिहाज से चारों स्थानों पर तत्काल पुलिस पिकेट तैनात कर दी जाए। यदि पुलिस बल की जरूरत पड़े तो पुलिस लाइन से ले लिया जाए। बताया कि कबाड़ी बाजार, प्याऊ चौराहा से घंटा घर तक निर्धारित अवधि में ई-रिक्शा का प्रवेश दीपावली तक रविवार से बंद कर दिया जाएगा।

सराफा व्यापारियों ने बताया कि टाउनहाल पार्किंग में महिलाओं का गैंग सक्रिय है, जो ई-रिक्शा पर व्यापारी को अकेले देखकर बैठ जाती हैं। इससे सुरक्षा का खतरा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने देहली गेट थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि निगरानी रखे। उनकी पहचान करें।

यह भी पढ़ें- मेरठ शहर होगा जाम मुक्त! दीपावली पर एनसीआरटीसी को मिल जाएगी मोदीपुरम में बस अड्डे के लिए जमीन

यह भी पढ़ें- मेरठ के आबूलेन फूड फेस्टिवल में रैपर लगाएंगे मनोरंजन का तड़का, दीपोत्सव पर बाजारों में बढ़ेगी रौनक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।