मेरठ शहर होगा जाम मुक्त! दीपावली पर एनसीआरटीसी को मिल जाएगी मोदीपुरम में बस अड्डे के लिए जमीन
मेरठ शहर को जाम मुक्त करने के लिए भैंसाली बस स्टैंड को भूड़बराल और मोदीपुरम में स्थानांतरित किया जा रहा ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
भूड़बराल बस अड्डे की जमीन जिला प्रशासन कर चुका है एनसीआरटीसी के नाम
मोदीपुरम की भूमि के अवार्ड तैयार, एनसीआरटीसी से मुआवजे को मांगे 44 करोड़
जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर को जाम मुक्त करने के प्रयास अब जल्द परवान चढ़ेंगे। रोडवेज के भैंसाली बस स्टैंड को शहर के बाहर भूड़बराल और मोदीपुरम में स्थानांतरित किया जाना है। भूड़बराल बस अड्डे के लिए जमीन का अधिग्रहण करके जिला प्रशासन एनसीआरटीसी को सौंप चुका है। उस पर एनसीआरटीसी का नाम भी दर्ज किया जा चुका है। वहीं, मोदीपुरम बस अड्डे की जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी लगभग पूरी जा चुकी है।
अधिकारियों का दावा है कि दीपावली तक जमीन एनसीआरटीसी को सौंपने की संभावना है, लेकिन उसके लिए एनसीआरटीसी को 44 करोड़ रुपये मुआवजे के लिए देना होगा। यह राशि एजेंसी से मांगी गई है। दिल्ली रोड स्थित भैंसाली बस अड्डे में रोजाना चार सौ से ज्यादा बसें विभिन्न राज्यों और अन्य जनपदों से आती हैं। इससे जाम लगता है। इसके समाधान के लिए भैंसाली बस अड्डे को भूड़बराल और मोदीपुरम में स्थानांतरित किया जाएगा।
एनसीआरटीसी दोनों स्थानों पर नए बस अड्डों का निर्माण कराकर रोडवेज को देगा। दोनों बस अड्डों के लिए भूड़बराल, पल्हैड़ा, दुल्हेड़ा और सिवाया गांवों की लगभग 40 हजार वर्ग मीटर की खरीद की जा रही है। भूड़बराल बस अड्डे के लिए नमो भारत के शताब्दीनगर स्टेशन से सटी 28,507 वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण करके जिला प्रशासन ने उसे एनसीआरटीसी को सौंप दिया है तथा खसरा खतौनी में नाम भी दर्ज कर दिया है। इसके लिए 95 किसान परिवारों को 55 करोड़ रुपये मुआवजा प्रदान किया गया।
मोदीपुरम में बस अड्डे के लिए 11,848 वर्ग मीटर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। यहां भी अधिग्रहण की प्रक्रिया लगभग पूरा करके भूमि मालिकों के अवार्ड तैयार कर लिए गए हैं। भूमि मालिकों को केवल मुआवजा राशि का वितरण किया जाना है। इसके लिए एनसीआरटीसी से 44 करोड़ रुपये की मांग की गई है। अधिकारियों का कहना है कि आगामी दो तीन दिन में एनसीआरटीसी पैसा उपलब्ध कराने का वादा कर रहा है। यहां छोटे छोटे भूखंड हैं। लगभग 100 लोगों को मुआवजा दिया जाएगा। पैसा वितरण होते ही यह भूमि भी एनसीआरटीसी के नाम दर्ज कर दी जाएगी।
एक सप्ताह से भी कम समय में होगा मुआवजा वितरण
भूड़बराल के बाद अब मोदीपुरम बस अड्डे की जमीन भी एनसीआरटीसी को उपलब्ध कराने की तैयारी है। एनसीआरटीसी मुआवजे के लिए 44 करोड़ रुपये आगामी दो से तीन दिन में उपलब्ध कराने का वादा कर रहा है। इसके बाद एक सप्ताह से भी कम समय में मुआवजा वितरण कराकर जमीन पर कब्जा ले लिया जाएगा।-नवीन चंद्र, एडीएम भूमि अध्याप्ति
एक साल में बनकर तैयार होगा भूडबराल बस अड्डा
एनसीआरटीसी के जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि भूड़बराल और मोदीपुरम दोनों नए बस अड्डों के भवन निर्माण के लिए एनसीआरटीसी टेंडर प्रक्रिया कर चुका है। भूड़बराल बस अड्डे का भवन बनाकर तैयार करने के लिए नवंबर 2027 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मोदीपुरम बस अड्डे की जमीन मिलते ही उसके भवन निर्माण की समय सीमा भी निर्धारित कर दी जाएगी।
मेरठ के इन-इन गांवों की भूमि का हुआ अधिग्रहण
बस अड्डे के नाम-----गांव जिनकी भूमि ली गई
भूड़बराल------भूड़बराल
मोदीपुरम----सिवाया, पल्हैड़ा, दुल्हैड़ा
यह भी जानें
28,507 वर्ग मीटर में बनेगा भूडबराल बस अड्डा
11,848 वर्ग मीटर जमीन में मोदीपुरम बस अड्डा
400 से ज्यादा बस नहीं करेंगी शहर में प्रवेश
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।